चित्तौडगढ़। जिले के निम्बाहेड़ा कोतवाली थाना क्षेत्र के केली गांव में सोमवार शाम को एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में विषाक्त सेवन करने से मौत हो गई। मृतका के पीहर पक्ष ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि उनकी बेटी को जहर देकर मारा गया है। इस संबंध में मृतका के पिता ने चित्तौडगढ़ सदर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने फिलहाल मर्ग दर्ज कर मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस को अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है, जिसके बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पारलिया निवासी गोपीलाल तेली की पुत्री सोनिया (28) का विवाह करीब 8-10 वर्ष पूर्व केली निम्बाहेड़ा निवासी कमलेश पुत्र भेरूलाल तेली के साथ हुआ था। उनके 3 साल का एक बेटा और 6 साल की बेटी है। सोमवार शाम को सोनिया ने संदिग्ध परिस्थितियों में विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई। उसे तुरंत निम्बाहेड़ा के राजकीय चिकित्सालय ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में चित्तौडगढ़ के जिला सांवरियाजी अस्पताल रेफर किया गया। यहां इलाज के दौरान सोनिया ने दम तोड़ दिया।
अस्पताल परिसर में हुआ हंगामा
विवाहिता की मौत की सूचना मिलते ही सोमवार सुबह मृतका के पीहर पक्ष के लोग बड़ी संख्या में सांवरियाजी अस्पताल की मोर्चरी के बाहर एकत्रित हो गए। परिजनों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए मोर्चरी के बाहर जमकर हंगामा किया और निष्पक्ष जांच की मांग पर अड़ गए। माहौल बिगड़ता देख सदर थाना पुलिस का जाब्ता तुरंत मौके पर पहुंचा। पुलिस ने समझाइश देकर परिजनों को शांत कराया। काफी देर तक चली गहमा-गहमी के बाद पुलिस ने मेडिकल बोर्ड से शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव पीहर पक्ष के सुपुर्द किया। दूसरी ओर मृतका के फूफा ससुर विष्णु तेली ने पीहर पक्ष द्वारा लगाए गए जहर देकर मारने के आरोपों को पूरी तरह गलत और निराधार बताया है।
पिता की रिपोर्ट में चौंकाने वाले खुलासे
मृतका के पिता गोपीलाल तेली ने पुलिस को दी लिखित रिपोर्ट में ससुराल पक्ष पर प्रताडना के गंभीर आरोप लगाए हैं। रिपोर्ट में बताया कि पिछले तीन साल से सोनिया का पति, ससुर और सास उसे कम दहेज लाने की बात को लेकर शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे। आरोप लगाया कि कुछ समय पहले सोनिया और उसके बच्चों को घर से बाहर निकाल दिया था। जिसके कारण वह पिछले 4-5 महीने से दूसरे के मकान में किराए पर रहने को मजबूर थी।
पीहर पक्ष ने कई बार समझाइश की, लेकिन ससुराल वाले 5 लाख नगद की मांग पर अड़े रहे। सोनिया ने प्रताडना से तंग आकर पूर्व में केली पुलिस चौकी में भी रिपोर्ट दी थी, लेकिन घर-गृहस्थी न उजड़े इस सोच के साथ पुलिस ने दोनों पक्षों में सुलह करवा दी और सोनिया वापस ससुराल चली गई।
मृतका का शव का पोस्टमार्टम करवाकर पीहर पक्ष को सौंप दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का पता चलेगा। इसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। -मुरलीदास वैष्णव, एएसआई, सदर थाना चित्तौडगढ़


