Delhi Metro Latest News: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को कहा कि दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) राजधानी के 10 प्रमुख मेट्रो स्टेशनों पर पुराने कपड़ों के संग्रह के लिए विशेष कलेक्शन बॉक्स स्थापित करेगा, जहां लोग अपने अनुपयोगी कपड़े जमा करा सकेंगे जिसे रिसाइकल कर उपयोगी उत्पादों में बदला जाएगा।
10 मेट्रो स्टेशन चिह्नित
गुप्ता ने आज कहा कि डीएमआरसी ने जिन 10 मेट्रो स्टेशनों को इस पहल के लिए चिह्नित किया है, उनमें शाहदरा (रेड लाइन), मोहन एस्टेट (वायलेट लाइन), रोहिणी वेस्ट (रेड लाइन), लाजपत नगर (वायलेट और पिंक लाइन), मालवीय नगर (येलो लाइन), मयूर विहार फेज़-I (ब्लू और पिंक लाइन), हौज खास (येलो और मैजेंटा लाइन), पंजाबी बाग वेस्ट (पिंक और ग्रीन लाइन), द्वारका (ब्लू लाइन) और शालीमार बाग (पिंक लाइन) स्टेशन शामिल हैं। इन स्टेशनों का चयन संचालन विभाग द्वारा किया गया है और सुरक्षा टीम ने भी इन स्थलों की समीक्षा कर ली है। मुख्यमंत्री का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य लोगों को रिसाइक्लिंग अभियान से जोड़ना और कपड़ों के दोबारा उपयोग के प्रति जागरूक बनाना है। दिल्ली सरकार जनसहभागिता आधारित पर्यावरणीय अभियानों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है।
सीएम रेखा गुप्ता ने क्या कहा?
उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि एकत्रित कपड़ों का उपयोग पर्यावरण हितैषी तरीके से हो और इस पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता और प्रभावशीलता बनी रहे। इस पहल के तहत एकत्रित पुराने कपड़ों को अलग-अलग श्रेणियों में विभाजित कर प्रतिष्ठित गैर सरकारी संगठनों और स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) के माध्यम से दोबारा उपयोग और अपसाइक्लिंग (उपयोगी उत्पादों में बदलना) के लिए उपलब्ध कराया जाएगा। इन कपड़ों से बैग, दरी सहित विभिन्न उपयोगी उत्पाद तैयार किए जाएंगे। दिल्ली मेट्रो रेल निगम चयनित मेट्रो स्टेशनों पर इन अपसाइक्लिंग उत्पादों के प्रदर्शन और बिक्री के लिए भी विशेष स्थान उपलब्ध कराएगा। इसके अलावा शेष कपड़ों को रिसाइक्लिंग इकाइयों में भेजकर यार्न, फाइबर और नॉन-वोवन फेल्ट जैसे उत्पादों में परिवर्तित किया जाएगा, जिससे न्यूनतम अपशिष्ट सुनिश्चित किया जा सके।


