76 वर्ष में शहर को मिला 37वां महापौर

76 वर्ष में शहर को मिला 37वां महापौर

Ahmedabad: अहमदाबाद महानगरपालिका के गठन के बाद पिछले 76 वर्षों में शहर को कुल 36 महापौर मिल चुके हैं। अब 37वें महापौर के रूप में हितेश बारोट की नियुक्ति हुई है जो ढाई वर्ष तक इस पद पर रहेंगे। सबसे लंबा कार्यकाल शहर के पहले महापौर चीनूभाई चिमनलाल शेठ का रहा, जिन्होंने 1950 से 1961 के बीच अलग-अलग तीन कार्यकाल में कुल 3504 दिनों यानी करीब साढ़े 8 वर्षों तक मेयर पद संभाला।दूसरे सबसे लंबे समय तक मेयर रहने वाले कृष्णवदन जोशी रहे।

उन्होंने तीन कार्यकाल में कुल 1991 दिनों तक यह जिम्मेदारी निभाई। उनके नाम सबसे छोटे, मात्र 61 दिन के कार्यकाल का रिकॉर्ड भी दर्ज है।अहमदाबाद मनपा की स्थापना जुलाई 1950 में हुई थी। शुरुआती वर्षों में महापौर के कार्यकाल पर कोई सीमा नहीं थी, लेकिन 1991 से 2000 के बीच कार्यकाल को एक या दो वर्ष तक सीमित कर दिया गया, जिसके चलते इस दौरान सात महापौर बदले गए। इसके बाद महापौर का कार्यकाल ढाई वर्ष तक सीमित कर दिया गया।

मनपा परिसर में नवनिर्वाचित महापौर व अन्य पदाधिकारियों का स्वागत

Ahmedabad: शहर के दाणापीठ क्षेत्र स्थित महानगरपालिका मुख्यालय में मंगलवार को महापौर, उप महापौर और स्टैंडिंग कमेटी के चेयरमैन का निर्वाचन हुआ। बहुमत के आधार पर भाजपा के उम्मीदवारों को इन पदों पर चुना गया। जैसे ही महापौर के रूप में हितेश बारोट का नाम घोषित हुआ उस दौरान पूरे बोर्ड मीटिंग हॉल में तालियों की गड़गड़ाहट गूंज उठी। भाजपा के सदस्यों ने इस दौरान जमकर जय श्रीराम का उद्घोष भी किया।

अन्य पदाधिकारियों के नामों की घोषणा के समय भी इसी तरह तालियों से सदन गूंजता रहा। कार्यवाही पूरी होने के बाद जब नवनिर्वाचित महापौर हितेश बारोट और अन्य पदाधिकारी बोर्ड मीटिंग रूम से बाहर निकले तो उनका जोरदार स्वागत किया गया।

राजस्थान के सिरोही जिला मूल की हैं अंजू शाह

मनपा परिसर में जगह-जगह फूलों की मालाओं से अभिनंदन हुआ और माहौल उत्साहपूर्ण बन गया। इस दौरान न सिर्फ पार्षद मौजूद थे बल्कि समाज के लोग व व्यापारीगण भी देखे गए। इस दौरान महापौर हितेश बारोट सभी के साथ मिलते नजर आए। उनके साथ साथ उप महापौर अंजू शाह भी मौजूद थीं। अंजू शाह मूल रूप से राजस्थान के सिरोही जिले की हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *