उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जनपद में BJP के पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026 के अंतर्गत जिला प्रशिक्षण वर्ग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में फतेहपुर सीकरी से बीजेपी सांसद राजकुमार चाहर (BJP MP Rajkumar Chahar) शामिल हुए। कार्यक्रम में बीजेपी सांसद ने बकरीद के मौके पर खुले में कुर्बानी देने और सड़क पर नमाज पढ़ने के मुद्दे पर बड़ा बयान दिया है।
BJP सांसद बोले- शिफ्ट में नमाज पढ़िए
मुस्लिमों के त्योहार बकरीद पर खुले में कुर्बानी देने और सड़क पर नमाज पढ़ने के सवाल पर बीजेपी सांसद राजकुमार चाहर ने खुलकर जवाब दिया। चाहर ने कहा- धार्मिक परंपराओं का पालन हर किसी को करना चाहिए, लेकिन सार्वजनिक स्थानों पर नमाज अदा करना और कुर्बानी उचित नहीं है। उन्होंने सुझाव दिया कि जहां नमाजियों की संख्या अधिक हो, वहां शिफ्ट के आधार पर नमाज पढ़ी जा सकती है।
बीजेपी सांसद ने आगे कहा कि जब लोग शिफ्ट में सो सकते हैं तो शिफ्ट में नमाज भी पढ़ सकते हैं। सांसद ने चांदनी चौक का उदाहरण देते हुए कहा कि कई घरों में 5 लोगों की क्षमता पर 30-40 लोग रहते हैं और शिफ्ट में सोते हैं। उन्होंने मुस्लिम समुदाय से अपील की कि वे भी इसी तरह शिफ्ट प्रणाली अपनाकर नमाज अदा करें।
कुर्बानी परंपरा में सुधार की जरूरत
बकरीद पर बलि की परंपरा पर बोलते हुए राजकुमार चाहर ने कहा कि सनातन धर्म में भी समय-समय पर सुधार हुए हैं। उन्होंने कहा कि बकरे की बलि की आवश्यकता नहीं है, लेकिन यह उनके धर्म की परंपरा है। सांसद ने कहा कि सनातन धर्म में भी समय-समय पर सुधार होते रहे हैं। कुर्बानी परंपरा में भी सुधार की आवश्यकता है।
BJP सांसद ने ‘X’ पर दी कार्यक्रम की जानकारी
बीजेपी सांसद राजकुमार चाहर ने ‘X’ पर फोटो पोस्ट करके कार्यक्रम की जानकारी दी है। सांसद ने लिखा- जनपद फिरोजाबाद महानगर में मोती इम्पीरियल रिसोर्ट में आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान-2026 के अंतर्गत फिरोजाबाद महानगर के प्रशिक्षण वर्ग का उद्घाटन कर शुभारंभ किया। इस वर्ग की अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष सतीश दिवाकर ने की। प्रथम सत्र में मुख्य वक्ता के रूप में देश के सम्मुख चुनौतियां एवं निदान के हमारे प्रयास विषय पर कार्यकर्ताओं से संवाद किया।


