सोनभद्र में भारतीय विद्यार्थी मोर्चा ने NEET-UG 2026 परीक्षा के कथित पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। सोमवार को संगठन ने जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और गृह मंत्री के नाम संबोधित एक ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। संगठन के जिलाध्यक्ष रविंद्र कुमार अंबेडकर के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि NEET-UG 2026 पेपर लीक प्रकरण ने देश की शिक्षा व्यवस्था और प्रतियोगी परीक्षाओं की पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। मोर्चा ने आरोप लगाया कि महाराष्ट्र के नासिक क्षेत्र से पोर्टेबल स्कैनर के माध्यम से प्रश्नपत्र स्कैन कर पीडीएफ के रूप में अवैध रूप से प्रसारित किया गया।
ज्ञापन में शुभम खैरनार सहित अन्य लोगों की संलिप्तता की चर्चा भी सामने आई है। जिलाध्यक्ष रविंद्र कुमार अंबेडकर ने बताया कि व्हाट्सएप और टेलीग्राम समूहों के जरिए असली प्रश्नों को फर्जी प्रश्नों के बीच प्रसारित किया गया, जिससे लाखों परीक्षार्थियों में असुरक्षा और आक्रोश पैदा हुआ। मोर्चा ने मांग की है कि केवल री-नीट कराना पर्याप्त नहीं है, बल्कि प्रभावित छात्रों को मुआवजा भी दिया जाना चाहिए। उनकी अन्य मांगों में केंद्रीय शिक्षा मंत्री का इस्तीफा, राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) को ब्लैक लिस्ट करना, कंप्यूटर आधारित टेस्ट (CBT) प्रणाली लागू करना, दोषियों पर कठोर कार्रवाई और प्रश्नपत्र सुरक्षा के लिए एक स्वतंत्र संस्था का गठन शामिल है। इस दौरान रोशन मौर्य, रवि देव भारती, करन कुमार, करन भारती, सोनू निगम, अमरेश भारती, प्रदीप कुमार, सतीश कुमार, शिव कुमार, आदर्श मौर्य, आंचल मौर्य और अर्चना मौर्य सहित बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।


