गुना जिले के बमौरी विधानसभा क्षेत्र में लगातार हो रही अघोषित विद्युत कटौती को लेकर क्षेत्रीय विधायक ऋषि अग्रवाल ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। क्षेत्र की बदहाल बिजली व्यवस्था से परेशान ग्रामीणों को साथ लेकर विधायक ऋषि अग्रवाल सीधे बिजली कंपनी के मुख्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने कंपनी के महाप्रबंधक से मुलाकात की। अघोषित कटौती से किसान और ग्रामीण परेशान विधायक ऋषि अग्रवाल ने महाप्रबंधक को जमीनी हकीकत से अवगत कराते हुए बताया कि बिजली कंपनी द्वारा मेंटेनेंस के नाम पर लगातार अघोषित कटौती की जा रही है, जिससे पूरा बमौरी क्षेत्र गंभीर रूप से प्रभावित है। उन्होंने कहा कि बिजली गुल रहने के कारण किसानों की फसलों और सब्जियों को पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है। वहीं, ग्रामीण क्षेत्रों में भी रोजाना 4 से 5 घंटे तक भारी कटौती की जा रही है। बिजली व्यवस्था सुधारने के दिए सुझाव चर्चा के दौरान विधायक ने बिजली कंपनी के अधिकारियों को विद्युत प्रदाय और तकनीकी सुधार से जुड़े कई महत्वपूर्ण व्यावहारिक सुझाव भी दिए, ताकि अकारण होने वाली ट्रिपिंग और कटौती को रोका जा सके। इस पर बिजली कंपनी के महाप्रबंधक ने विधायक और ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था में जल्द आवश्यक सुधार किया जाएगा और सुचारू बिजली सप्लाई सुनिश्चित की जाएगी। सुधार नहीं हुआ तो धरने पर बैठेंगे विधायक विधायक ऋषि अग्रवाल ने बिजली कंपनी प्रबंधन को चेतावनी दी कि यदि दिए गए आश्वासनों के बाद भी क्षेत्र की बिजली व्यवस्था में तत्काल सुधार नहीं हुआ, तो वह चुप नहीं बैठेंगे। उन्होंने साफ कहा कि जनता के हक के लिए वह बमौरी विधानसभा क्षेत्र के अलग-अलग इलाकों में ग्रामीणों के साथ स्वयं धरने पर बैठेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी बिजली कंपनी की होगी।


