बूंदी के रामगढ़ विषधारी टाइगर रिजर्व के कोर क्षेत्र के पास ठीकरदा गांव की पहाड़ी पर सोमवार सुबह एक लेपर्ड दिखा। लेपर्ड काफी देर तक पहाड़ी पर बैठा रहा, जिसे देखकर ग्रामीणों में दहशत फैल गई। कुछ ग्रामीण मोबाइल से उसकी तस्वीरें और वीडियो बनाते भी दिखे। ग्रामीणों के अनुसार, यह गांव पहाड़ी की तलहटी और तालाब किनारे बसा है, जिससे यहां वन्यजीवों की आवाजाही सामान्य है। क्षेत्र में बाघिन आरवीटी-8 भी आती रहती है, और बघेरे पहले से ही मौजूद हैं। आबादी वाले क्षेत्रों में बाघ और बघेरों के लगातार आने से लोगों की चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों ने वन क्षेत्र की चारदीवारी करने और लोगों व मवेशियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। वन विभाग ने जंगल के आसपास खेतों में काम करने वाले किसानों और पशुपालकों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विभाग ने उन्हें दिन ढलने के बाद तालाबों और खेतों में न जाने का निर्देश भी दिया है।


