जौनपुर में रेलवे निर्माण कार्य का ग्रामीणों ने किया विरोध:कई बार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को दे चुके हैं ज्ञापन, बोले- अंडरपास बने बिना नहीं होने देंगे काम

जौनपुर में रेलवे निर्माण कार्य का ग्रामीणों ने किया विरोध:कई बार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को दे चुके हैं ज्ञापन, बोले- अंडरपास बने बिना नहीं होने देंगे काम

जौनपुर जिले के सलखापुर रेलवे स्टेशन क्षेत्र में सोमवार को ग्रामीणों और युवाओं ने रेलवे निर्माण कार्य के विरोध में प्रदर्शन किया। अंडरपास निर्माण की मांग को लेकर लोग रेलवे ट्रैक के पास एकत्र हुए और जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि जब तक अंडरपास नहीं बनेगा, तब तक रेलवे का कोई भी निर्माण कार्य नहीं होने दिया जाएगा। ग्रामीणों का आरोप है कि रेलवे लाइन के दोनों ओर बसे गांवों के लोगों को रोजाना आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को जान जोखिम में डालकर रेलवे ट्रैक पार करना पड़ता है। लोगों का कहना है कि कई बार हादसे की आशंका बनी रहती है, लेकिन रेलवे विभाग इस समस्या को गंभीरता से नहीं ले रहा। सांसद, डीएम और DRM को दे चुके ज्ञापन प्रदर्शनकारियों ने बताया कि अंडरपास निर्माण की मांग को लेकर वे कई बार जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से मिल चुके हैं। पूर्व में सांसद और जिलाधिकारी से मुलाकात की गई थी। इसके अलावा डीआरएम लखनऊ को भी ज्ञापन सौंपा गया था। ग्रामीणों का आरोप है कि मामला केवल फाइलों तक सीमित रहा और धरातल पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। प्रशासन और रेलवे विभाग की अनदेखी से नाराज होकर उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा। ‘अंडरपास जरूरी है’ के लगे नारे प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने “जन-जन की यही पुकार, अंडरपास जरूरी है” और “सलखापुर की यही पुकार, अंडरपास जरूरी है” जैसे नारे लगाए। लोगों ने साफ कहा कि जब तक अंडरपास निर्माण की घोषणा और काम शुरू नहीं होगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में ग्रामीण, युवा, बुजुर्ग और क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *