नमस्कार, पंजाब में आज की सबसे बड़ी खबर गुरुद्वारे के लंगर हॉल की छत गिरने से रही। जिसके मलबे में 8-9 महिलाएं दब गईं। जिनमें से 2 की मौत हो गई। हादसा होते ही अफरातफरी मच गई। दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें… इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा… 1. गुरुद्वारे में छत गिरी, 2 महिलाओं की मौत अमृतसर में गुरुद्वारा शहीद गंज बाबा दीप सिंह जी में रविवार को बड़ा हादसा हुआ है। यहां के निर्माणाधीन लंगर हॉल की छत की लोहे की प्लेटें टूटकर लंगर हॉल में सेवा कर रही महिलाओं पर गिर पड़ीं। इससे 2 महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई है। वहीं, 5 महिलाएं गंभीर रूप से घायल बताई जा रही हैं। घायल महिलाओं को श्री गुरु रामदास अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। डिविजन नंबर 1 के सिविल डिफेंस टीम ने बताया कि बाबा भूरी वालों के यहां लंगर चल रहा था। इसी दौरान छत गिर गई। अजनाला से आई और छत गिरने से घायल एक महिला ने बताया- मैं भी माथा टेकने के लिए लाइन में लगी थी। अचानक से धक्का लगा और मैं भी गिर गई। घबराहट होने से मैं बेहोश हो गई। जब होश आया तो देखा कि कुछ महिलाओं को चोट लगी थी। चश्मदीद जगजीत सिंह का कहना है कि यहां हर रविवार जपजी साहिब चलता है, जिसमें सभी लोग सेवा करते हैं। उन्होंने बताया कि अचानक जोरदार आवाज सुनाई दी। जब हम मौके पर पहुंचे तो देखा कि शटरिंग की लोहे की प्लेटों के नीचे करीब 8 से 9 महिलाएं दबी हुई थीं (पढ़ें पूरी खबर) 2. ASI का दिनदहाड़े मर्डर, बदमाशों ने रास्ते में घेरा, 2 गोलियां मारीं अमृतसर में सुबह ड्यूटी पर जा रहे पंजाब पुलिस के एक ASI की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। हमलावर बाइक पर सवार होकर आए थे, जिन्होंने ASI को दो गोलियां मारीं। इसके बाद वे मौके से भाग गए। गोलियां लगने से ASI गंभीर रूप से घायल हुए थे, जिन्होंने थोड़ी ही देर में मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृत पुलिसकर्मी की पहचान जोगा सिंह के रूप में हुई है। ट्रैफिक विंग में तैनात ASI जोगा सिंह गुरदासपुर के बांगर में गांव घणिए के रहने वाले थे। अपने घर से ही सुबह करीब 6 बजे वह अपनी स्कूटी (PB06BJ-6614) पर ड्यूटी के लिए अमृतसर जा रहे थे। मजीठा से करीब 1 किलोमीटर पहले बाइक पर आए 2 अज्ञात हमलावरों ने उनकी स्कूटी को रास्ते में घेरा। इसके बाद उन पर फायरिंग कर दी। इस दौरान ASI को 2 गोलियां लगीं। एक सीने के बाईं तरफ और दूसरी कमर पर। इससे ASI गंभीर रूप से घायल हो गए। हालांकि, सुबह का समय था, इसलिए उनकी मदद के लिए कोई नहीं पहुंच सका, जिससे उन्होंने मौके पर ही तड़प-तड़पकर दम तोड़ दिया (पढ़ें पूरी खबर) 3. नाबालिग लड़की छत से गिरी, VIDEO सामने आया चंडीगढ़ के सेक्टर-55 में रविवार को बिल्डिंग की दूसरी मंजिल की छत पर कपड़े सुखाने गई एक 16 वर्षीय नाबालिग लड़की अचानक पैर फिसलने से नीचे गली में गिर गई। हादसा इतना अचानक हुआ कि नीचे से गुजर रहे लोग घबरा गए। गंभीर रूप से घायल होने की आशंका के बीच लोगों ने तुरंत लड़की को उठाकर अस्पताल पहुंचाया। यह पूरी घटना इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई। वीडियो में देखा जा सकता है कि लड़की अचानक ऊपर से नीचे गिरती है। इसके बाद लड़की जमीन पर पड़ी तड़पती है। उसे वहां से गुजर रहे लोग देखकर एकदम से डर जाते हैं। इसके बाद कई लोग उसकी मदद के लिए पहुंचते हैं। कराहती हुई लड़की को लोग उठाकर ले जाते हैं। लड़की अपने पैरों पर चल नहीं पा रही थी। लोग उसे घसीटते हुए गाड़ी की तरफ ले गए। लोगों ने बताया है कि पहले कई लोगों को लगा कि शायद किसी ने लड़की को ऊपर से धक्का दिया है, लेकिन बाद में परिवार वालों ने बताया कि वह कपड़े सुखाने छत पर गई थी। (पढ़ें पूरी खबर) 4. हीटवेव का अलर्ट, स्कूलों में छुट्टी, आउटडोर एक्टिविटी पर रोक, सरकारी दफ्तरों का समय बदला पंजाब और चंडीगढ़ में मौसम विभाग ने अगले 3 दिन तक हीटवेव की चेतावनी दी है। आज (24 मई) से लू का प्रभाव शुरू होगा। इसके बाद 25, 26 और 27 मई को पंजाब और चंडीगढ़ के कई इलाकों में लू चलेगी। वहीं, 28 और 29 मई के लिए मौसम विभाग ने गरज-चमक और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चलने की चेतावनी दी है। इसके चलते पंजाब सरकार ने सरकारी दफ्तरों और स्कूलों का समय बदल दिया है। वहीं, चंडीगढ़ में 30 जून तक स्कूल बंद रहेंगे। चंडीगढ़ में गर्मी और हीटवेव को देखते हुए स्कूलों में आयोजित किए जा रहे समर कैंपों में आउटडोर एक्टिविटी पर रोक लगा दी गई है। चंडीगढ़ बाल अधिकार संरक्षण आयोग (CCPCR) ने कहा है कि समर कैंप के दौरान बच्चों को केवल सुरक्षित और ठंडे वातावरण में ही गतिविधियों में शामिल किया जाए। राज्य के औसत अधिकतम तापमान में 1°C की वृद्धि हुई है, जो सामान्य से 1.6°C अधिक है। पंजाब में शनिवार को सबसे अधिक तापमान बठिंडा में 43.8°C रहा। अब 24 और 25 मई को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। 26 और 27 मई को आसमान साफ रहेगा और गर्मी बढ़ेगी (पढ़ें पूरी खबर) 5. जेल में बवाल, मशालें लेकर कैदी छतों पर चढ़े, आग लगाई कपूरथला स्थित केंद्रीय जेल में शनिवार देर रात अचानक माहौल तनावपूर्ण हो गया। जेल के अंदर हवालातियों के 2 गुटों के बीच हुए झगड़ा हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक हो गया। इसमें 3 कैदी घायल हो गए। कुछ कैदी बैरक बदलने को लेकर उलझ गए। इसके बाद हवालातियों ने जेल में कई जगह आग लगा दी। कैदी मशालें लेकर छतों पर चढ़ गए। इस घटना के कुछ वीडियो भी सामने आए हैं, जो कैदियों ने ही शूट किए हैं। इनमें कैदी बता रहे हैं कि जेल प्रशासन ने उन पर गोलियां भी चलाई हैं, जिससे कुछ कैदी घायल हुए हैं। इस घटना पर फिलहाल पुलिस अधिकारी कुछ भी बोलने को तैयार नहीं हैं। हालांकि, एक सीनियर अधिकारी ने इतना जरूर बताया है कि कोई जेल ब्रेक नहीं हुई है। झगड़ा बैरक नंबर-4 में शुरू हुआ था। बताया जा रहा है कि हवालातियों ने बैरक बदलने की बात कही थी, जिसे जेल प्रशासन ने नहीं माना। हवालातियों का आरोप था कि जेल प्रशासन उन्हें बेवजह तंग कर रहा है। इसी को लेकर कैदियों में ही झड़प हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि कुछ कैदियों ने जेल परिसर के अंदर आगजनी कर दी (पढ़ें पूरी खबर) 6. मुस्लिम लड़की से शादी पर घर से निकाला, युवक बोला- मैं ब्राह्मण जालंधर में हिंदू लड़का और मुस्लिम लड़की लव मैरिज करने के बाद रोड पर भटक रहे हैं। इस जोड़े ने परेशानी में रोते हुए इंस्टाग्राम पर अपना वीडियो शेयर किया है। युवक ने बताया कि वह गांधी कैंप का रहने वाला है। वह ब्राह्मण परिवार में पैदा हुआ और 3 महीना पहले मुस्लिम लड़की से कोर्ट मैरिज की। उसकी शादी से उसके पारिवार वाले इतने नाराज हो गए कि उन्हें घर से निकाल दिया। युवक ने दावा किया कि उसने पुलिस को 112 पर कॉल किया, लेकिन कोई मदद नहीं की गई। दूसरे धर्म में शादी करने की वजह से जोड़े को सड़कों पर भूखे-प्यासे भटकना पड़ रहा है। युवक का आरोप है कि न्याय की गुहार लगाने पर पुलिस प्रशासन भी उसे प्रताड़ित कर रहा है और उल्टा पर्चा दर्ज करने के लिए धमकाया जा रहा है। पीड़ित जोड़े ने वीडियो में दावा किया कि उनकी जान को भी खतरा है। उन्होंने मांग की कि पुलिस के आला अधिकारी इस मामले में उनकी मदद करे और सुरक्षा प्रदान करें (पढ़ें पूरी खबर) 7. चुनाव से पहले 37 लाख वोटों में गड़बड़ी पकड़ी पंजाब में स्पेशल इंटेसिव रिवीजन (SIR) स्टार्ट होने से पहले ही वोटर सूचियों में गड़बड़ी का ट्रेलर दिखने लगा है। प्री-SIR में अब तक 1.80 करोड़ वोटर्स की जांच हो चुकी है, जिसमें से 37 लाख वोटर्स के वोटर कार्ड में गलतियां पकड़ी गई हैं। हालात ये हैं कि प्रदेश में हर 5 में से एक वोटर के वोटर कार्ड में कोई न कोई गलतियां मिल रही हैं। इलेक्शन स्टाफ का सॉफ्टवेयर इन वोटरों को संदिग्ध की कैटेगिरी में डाल रहा है। ऐसा इसलिए हो रहा है क्योंकि 2003 की सूची को सॉफ्टवेयर मैपिंग के लिए उठा रहा है। इसी सूची में डेट आफ बर्थ, नाम-पते की गलतियां हैं। इलेक्शन ऑफिस से मिलने संभावित आंकड़ों के मुताबिक सबसे ज्यादा गलतियां अमृतसर में मिल रही हैं। दूसरे नंबर पर मोहाली है। इसके अलावा जालंधर, लुधियाना और पटियाला जैसे जिलों में 20% से ज्यादा वोटर कार्डों में गलतियां मिल रही हैं। पंजाब में कुल 2.18 करोड़ वोटर हैं। एक चुनाव अफसर के अनुसार प्री-SIR प्रक्रिया में जुटे अफसरों के मुताबिक इनमें कई तरह की गलतियां मिल रही हैं (पढ़ें पूरी खबर) 8. हेमकुंड साहिब के कपाट खुले, 5 क्विंटल फूलों से सजाया उत्तराखंड के चमोली में स्थित सिखों के पवित्र तीर्थ श्री हेमकुंड साहिब के कपाट शनिवार सुबह 11:30 बजे पूरे विधि-विधान और अरदास के साथ श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। करीब 225 दिन बाद खुले कपाटों के ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बनने के लिए देश-विदेश से आए 3000 से अधिक श्रद्धालु गुरुद्वारे में मौजूद रहे। पंच प्यारों की अगुवाई में श्रद्धालुओं का पहला जत्था घांघरिया से कठिन चढ़ाई पूरी कर करीब 1500 फीट की ऊंचाई पर स्थित धाम पहुंचा। कपाट खुलते ही पूरी लोकपाल घाटी ‘बोले सो निहाल, सत श्री अकाल’ के जयकारों से गूंज उठी। गुरुद्वारे को करीब 5 क्विंटल फूलों से सजाया गया था। हेमकुंड साहिब के कपाट पिछले साल 10 अक्टूबर 2025 को शीतकाल के लिए बंद किए गए थे। इसके बाद छह महीने से ज्यादा समय तक धाम बर्फ से ढका रहा। इस बार यात्रा शुरू होने से पहले ही 67,690 श्रद्धालु ऑनलाइन और ऑफलाइन पंजीकरण करा चुके हैं। वहीं आज पहले दिन 06 हजार 605 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए (पढ़ें पूरी खबर) 9. 26 मई को सरकारी छुट्टी होगी, स्कूल और दफ्तर रहेंगे बंद पंजाब में 26 मई को नगर निगम, नगर कौंसिल और नगर पंचायत चुनाव के मद्देनजर सार्वजनिक अवकाश रहेगा। इसके साथ ही चंडीगढ़ में स्थित पंजाब के सभी सरकारी दफ्तरों, बोर्डों, कॉरपोरेशनों, शैक्षणिक संस्थानों और अन्य सरकारी संस्थाओं में भी छुट्टी रहेगी। अधिक से अधिक लोग अपने वोट के अधिकार का प्रयोग कर सकें इसलिए ये फैसला लिया गया है। वहीं पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट ने अपने उन सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए 26 मई को स्पेशल कैजुअल लीव (विशेष आकस्मिक अवकाश) की घोषणा की है जो पंजाब में नगर निकाय चुनावों में पंजीकृत मतदाता हैं। इससे कर्मचारियों को स्थानीय निकाय चुनावों में अपने मताधिकार का प्रयोग करने की सुविधा मिलेगी। खबर जरा हटके… 10. जनगणना करते रील बनाई तो खैर नहीं जनगणना करते टाइम रील बनाई को कार्रवाई होगी। यह आदेश सरकार ने दिया है। दरअसल, जनगणना के दौरान पंजाब में बहुत से टीचर्स की ऐसी रील सामने आईं जिनसे जनगणना सर्वे का मजाक बन रहा था। इन रील्स में ज्यादातर रील ऐसी हैं जिनमें ताला लगे घरों में कुत्ते के भौंकने पर लेडीज टीचर डर जा रही हैं या फिर टीचर्स को कुत्ते घेर रहे हैं। इसके अलावा भी कई रील्ज में टीचर्स फन करते हुए नजर आ रहे हैं। पंजाब सरकार के शिक्षा विभाग ने कर्मचारियों द्वारा ड्यूटी के दौरान वीडियो और रील्स बनाकर सोशल मीडिया पर साझा (शेयर) करने के मामलों को गंभीरता से लिया है। शिक्षा विभाग द्वारा राज्य के सभी सरकारी स्कूलों के मुखियों (प्रिंसिपलों/हेडमास्टरों) को व्हाट्सएप के माध्यम से विशेष निर्देश भेजे गए हैं। इन हिदायतों में स्पष्ट किया गया है कि कुछ एन्यूमरेटर्स (सर्वे में नियुक्त स्टाफ) द्वारा जनगणना के गोपनीय दस्तावेजों और शेड्यूल का उपयोग करके फेसबुक और इंस्टाग्राम जैसे प्लेटफॉर्मों के लिए रील्स बनाकर सार्वजनिक की जा रही हैं, जो कि जनगणना अधिनियम (सेंसस एक्ट), 1948 का उल्लंघन है (पढ़ें पूरी खबर) (कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)
पंजाब-चंडीगढ़ दिनभर,10 बड़ी खबरें:गुरुद्वारे में 2 महिलाओं की मौत; ASI की गोली मारकर हत्या; एक दिन की सरकारी छुट्टी; रील बनाई तो खैर नहीं


