Weather News: कल से और तपाएगा ‘नौतपा’, अगर बारिश हुई तो मानसून की बरसात पर पढे़गा असर? उत्तर प्रदेश वेदर अपडेट

Weather News: कल से और तपाएगा ‘नौतपा’, अगर बारिश हुई तो मानसून की बरसात पर पढे़गा असर? उत्तर प्रदेश वेदर अपडेट

Latest Weather Rain Nautapa Update in UP: उत्तर प्रदेश इन दिनों भीषण गर्मी और लू की चपेट में है। शनिवार को प्रदेश के कई जिलों में तापमान 45 डिग्री के पार पहुंच गया। हालांकि अवध और NCR के कुछ इलाकों में आंधी और हल्की बारिश हुई, लेकिन उससे लोगों को खास राहत नहीं मिल सकी। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में और ज्यादा गर्मी पड़ने की चेतावनी जारी की है। खासतौर पर सोमवार से शुरू हो रहे नौतपा को लेकर लोगों की चिंता बढ़ गई है।

बांदा सबसे गर्म, प्रयागराज और वाराणसी भी तपे

शनिवार को, प्रदेश में सबसे ज्यादा गर्म जिला बांदा रहा, जहां अधिकतम तापमान 46.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रयागराज में पारा 46 डिग्री तक पहुंच गया, जबकि झांसी में 44.9, वाराणसी में 44.7, हमीरपुर में 44.6 और सुल्तानपुर में 44.4 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।

भीषण गर्मी और गर्म हवाओं ने लोगों का घरों से निकलना मुश्किल कर दिया। दोपहर के समय सड़कें सूनी नजर आईं और लोग गर्मी से बचने के लिए तरह-तरह के उपाय करते दिखाई दिए।

अवध के कई जिलों में आंधी-बारिश

शनिवार को अवध क्षेत्र के कुछ जिलों में मौसम ने अचानक करवट ली। अयोध्या, बाराबंकी और गोंडा में तेज आंधी चली, जिससे कई बिजली के खंभे गिर गए और पेड़ उखड़ गए। बाराबंकी में आंधी के साथ हल्की बारिश भी हुई।

हालांकि लखनऊ, अमेठी, रायबरेली, सीतापुर, बहराइच, श्रावस्ती और सुल्तानपुर जैसे जिलों में उमस और गर्मी से लोगों को राहत नहीं मिली। मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल प्रदेश में कोई मजबूत मौसम तंत्र सक्रिय नहीं है, इसलिए अगले कुछ दिनों तक गर्मी का असर बना रहेगा।

सोमवार से शुरू होगा नौतपा

मौसम विभाग के अनुसार सोमवार (25 मई)से नौतपा शुरू हो रहा है। माना जाता है कि यह साल का सबसे गर्म दौर होता है। अगले 6 दिनों तक प्रदेश में झुलसा देने वाली पछुआ हवाएं चल सकती हैं और तापमान में और बढ़ोतरी होने की संभावना है।

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह की माने तो अगले 3 दिनों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। इसके बाद ऑरेंज अलर्ट लागू रहेगा। कई जिलों में लू का असर और तेज हो सकता है। रात के तापमान में भी बढ़ोतरी के संकेत हैं, जिससे लोगों को दिन और रात दोनों समय गर्मी परेशान करेगी।

6 दिन बाद मिल सकती है राहत, हो सकती है बारिश

मौसम विभाग का अनुमान है कि करीब 6 दिन बाद प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इससे तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। फिलहाल अगले एक सप्ताह तक प्रदेश में शुष्क और गर्म मौसम बने रहने की संभावना जताई गई है।

25, 26, 27, 28 को यूपी में कैसा रहेगा मौसम का हाल, IMD अपडेट

नौतपा और मानसून को लेकर बढ़ी चर्चा

नौतपा को लेकर मौसम विज्ञान के साथ-साथ ज्योतिषीय मान्यताओं की भी चर्चा तेज हो गई है। एक निजी चैनल से बातचीत के दौरान ज्योतिषाचार्य एसएस नागपाल ने बताया कि ज्येष्ठ माह में सूर्य के रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश करने के बाद के शुरुआती नौ दिन नौतपा कहलाते हैं। उन्होंने कहा कि नौतपा के दौरान जितनी ज्यादा गर्मी पड़ती है, मानसून उतना ही अच्छा माना जाता है। वहीं अगर इस दौरान बारिश होती है तो मानसून कमजोर पड़ने की आशंका बढ़ जाती है। ज्योतिषाचार्य के अनुसार इन दिनों दान-पुण्य का भी विशेष महत्व माना गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *