खंडवा शहर की पंधाना रोड स्थित सब्जी मंडी में शनिवार दोपहर बकरी चोरी की एक हैरान करने वाली वारदात सामने आई है। यहां नीले रंग की एक लग्जरी कार (टाटा अल्ट्रोज) से आए बदमाश बेहद शातिर तरीके से 8 से 10 बकरियों को दाना खिलाने के बहाने कार में डालकर फरार हो गए। यह पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। शनिवार दोपहर करीब 12 से 12:30 बजे के बीच कार सवार कुछ बदमाश मंडी क्षेत्र में पहुंचे। उन्होंने पहले वहां खड़े ट्रकों और अन्य वाहनों की आड़ ली ताकि किसी को शक न हो। सीसीटीवी फुटेज में स्पष्ट रूप से दिख रहा है कि कार में कुछ लोग बैठे हुए थे, जबकि बाहर निकले उनके साथियों ने बकरियों को दाना डालना शुरू किया। जैसे ही बकरियां दाना खाने उनके करीब आईं, आरोपियों ने उन्हें उठाकर कार की बीच वाली सीट पर डाल दिया और कुछ ही मिनटों में वहां से फरार हो गए। शाम तक घर नहीं लौटीं बकरियां तो हुआ खुलासा
बुरहानपुर नाका निवासी पशुपालक शुभम यादव ने बताया कि वे रोजाना अपनी बकरियों को खुले में चरने के लिए छोड़ते हैं। बकरियां दिनभर मंडी और आसपास के क्षेत्र में घूमने के बाद शाम तक खुद घर लौट आती थीं। लेकिन शनिवार शाम तक जब बकरियां वापस नहीं आईं, तो उन्होंने तलाश शुरू की। काफी ढूंढने के बाद भी जब कुछ पता नहीं चला, तो दुकानों और मंडी परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज देखे गए, जिसके बाद कार से हुई इस चोरी की वारदात का खुलासा हुआ। पुलिस कर रही कार और आरोपियों की पहचान
लग्जरी कार से की गई इस सुनियोजित चोरी के बाद क्षेत्र के पशुपालकों में दहशत का माहौल है। पीड़ित शुभम यादव की शिकायत पर कोतवाली थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। टीआई प्रवीण आर्य का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों और उनकी कार की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।


