तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से बाइक चालक युवक की मौत

तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से बाइक चालक युवक की मौत

बालोद जिले के ग्राम अरौद में शनिवार की सुबह एक तेज रफ्तार ट्रक ने मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। इस घटना में लोंडी निवासी 30 वर्षीय रुपेश भारती की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। वहीं घटना को अंजाम देने के बाद ट्रक चालक ट्रक सहित फरार हो गया। घटना के बाद घटना स्थल पर लोगों की भीड़ हो गई। ग्रामीणों ने इस घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस मामले की जांच जुट गई है।

मंच संचालन कर वापस घर आ रहा था रुपेश

मिली जानकारी के मुताबिक रुपेश भारती एक कलाकार है। वह अपनी एक संस्था में मंच संचालन करने शुक्रवार की शाम घर से मोटरसाइकिल से निकला था। कार्यक्रम की प्रस्तुति देने के बाद वह सुबह ओटेबंद से अपने घर मोटरसाइकिल से आ रहा था। तभी घर से महज 5 किलोमीटर दूर ही अरौद के पास तेज रफ्तार ट्रक ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी और इस घटना में रुपेश की मौत हो गई।

यह भी पढ़ें :

पेयजल संकट: जिला अस्पताल 500 रुपए टैंकर खरीद रहा पानी

मासूम बच्चों से छूटा पिता का साया

मृतक रुपेश भारती के दो बच्चे हैं। इस घटना से अब दोनों बच्चों से हमेशा के लिए पिता का साया उठ गया। वहीं एक मां से बेटा व एक पत्नी से उनके पति का प्यार भी छूट गया। इस घटना से ग्राम लोंडी (नयापारा) में शोक का माहौल है और नम आंखों से रुपेश को अंतिम विदाई दी व गांव कर मुक्तिधाम में अंतिम संस्कार किया गया।

जगतरा के पास अनियंत्रित होकर ट्रक पलटा

जगतरा के पास एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। इससे नेशनल हाइवे में चावल से भरे बारदाने गिर गए। यातायात भी प्रभावित हो गया।

जगतरा के पास एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। इससे नेशनल हाइवे में चावल से भरे बारदाने गिर गए। यातायात भी प्रभावित हो गया। शनिवार की सुबह 11 बजे करीब ये घटना हुई। लगभग आधे घंटे के लिए नेशनल हाइवे 930 में आवागमन प्रभावित रहा। मार्ग से चावल की बोरियों को हटाया गया तब मार्ग बहाल हुआ और लोगों ने राहत की सांस ली।

यह भी पढ़ें :

जनवरी से अप्रैल तक 78 चोरी, सूने घर को निशाना बना रहे चोर

मई माह में ही सड़क दुर्घटना में 16 से अधिक मौत

पुलिस विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक इस मई माह में हो सड़क दुर्घटनाओं में लगभग 16 लोगों की मौत हो चुकी है। बता दें कि इस सड़क पर लगातार सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। यातायात पुलिस के लगातार जागरूकता अभियान के बावजूद भी दुर्घटनाओं में कमी नहीं आ रही है।

शराब व ओवरस्पीड बन रही दुर्घटना का कारण

जिले की बात करें तो जिले में सबसे ज्यादा सड़क दुर्घटनाएं शराब के नशे में वाहन चलाने व तेज रफ्तार वाहन चलाने की वजह से हुई हैं। पुलिस चालानी कार्रवाई करने में कोई कमी नहीं कर रही लेकिन व्यवस्था में सुधार नहीं आना चिंता का कारण बना हुआ है। वहीं पुलिस विभाग की अपील भी यहां काम नहीं कर रही।

जानें किस माह कितनी हुई दुर्घटना

माह – सड़क दुर्घटना – मौत – घायल
जनवरी – 53 – 18 – 54
फऱवरी – 50 – 27 – 50
मार्च – 31 – 16 – 49
अप्रैल – 53 – 22 – 66

बिना हेलमेट चला रहे मोटरसाइकिल

जिला मुख्यालय की सड़कों पर आसानी से बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले लोग दिखाई देंगे। जिले में कई सड़क दुर्घटनाओं में यह भी स्थिति रही, जिसमें सिर में चोट लगने के कारण मौतें हुई हैं। ऐसे में हेलमेट पहनकर वाहन चलाना ही बेहतर है। यातायात प्रभारी रविशंकर पांडेय ने कहा कि लापरवाह वाहन चालकों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। वहीं लोगों को यातायात नियम के तहत वाहन चलाने अपील भी कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *