रोजगार मेला : गुजरात में 242 नव चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित

रोजगार मेला : गुजरात में 242 नव चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित

नव नियुक्तकर्मी राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान दें : पीएम मोदी

अहमदाबाद. राजकोट. वडोदरा. 19वें रोजगार मेले में शनिवार को गुजरात के 242 नव चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। इनमें अहमदाबाद में 115, वडोदरा में 80 राजकोट में 47 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र बांटे गए।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देशभर में 47 स्थानों पर केंद्र सरकार के 19 विभागों में 51,000 से अधिक नवनियुक्त युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए। प्रधानमंत्री ने नव नियुक्तकर्मियों से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने की अपील की। अब तक देशभर में आयोजित विभिन्न रोजगार मेलों के माध्यम से लगभग 12.50 लाख नियुक्ति पत्र वितरित किए जा चुके हैं।

युवाओं में राष्ट्र सेवा की भावना जागृत करने का एक महत्वपूर्ण माध्यम : खडसे

अहमदाबाद में सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय स्मारक परिसर में आयोजित रोजगार मेले में केद्रीय युवा मामले एवं खेल राज्यमंत्री रक्षा खडसे मुख्य अतिथि थीं। उन्होंने कहा कि यह रोजगार मेला केवल नियुक्ति पत्र वितरित करने का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि युवाओं में राष्ट्र सेवा की भावना जागृत करने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है।

प्रदेश के श्रम, कौशल्य विकास व रोजगार मंत्री कुंवरजी बावलिया ने कहा कि गुजरात में विभाग के समन्यव से कौशल विकास के आधार पर सरकार के विभागों-कंपनियों में रोजगार दिया जा रहा है।
गुजरात की शहरी विकास व शहरी आवास राज्यमंत्री दर्शना वाघेला ने कहा कि कांग्रेस के शासन में भाई-भतीजावाद के आधार पर नौकरियां दी जाती थीं, पीएम मोदी के शासन में मेरिट के आधार पर युवाओं को रोजगार दिया जा रहा है।

अहमदाबाद के मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश ने बताया कि अहमदाबाद में रोजगार मेले में कुल 115 नव चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। इनमें 29 महिला अभ्यर्थियों सहित 66 अभ्यर्थी रेलवे विभाग से संबंधित हैं।

गुड गवर्नेंस के कारण रोजगार के अवसरों में अभूतपूर्व वृद्धि : डॉ. मांडविया

पश्चिम रेलवे के राजकोट मंडल द्वारा आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि केंद्रीय श्रम व रोजगार मंत्री मनसुख मांडविया की उपस्थिति में 47 सफल उम्मीदवारों को विधिवत रूप से सरकारी सेवा के नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। डॉ. मांडविया ने कहा कि गुड गवर्नेंस के कारण आज सरकारी हो या निजी क्षेत्र, सभी जगह रोजगार के अवसरों में अभूतपूर्व वृद्धि हुई है।

विकसित भारत के संकल्प को मिल रही नई गति : पाटिल

वडोदरा में रोज़गार मेला कार्यक्रम में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी आर पाटिल ने 80 उम्मीदवारों को सरकारी सेवा के नियुक्ति पत्र प्रदान किए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में युवा शक्ति को सशक्त बनाकर विकसित भारत के संकल्प को नई गति मिल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *