गर्मी से फिर दहका थार, जैसलमेर @ 45.9, प्रदेश में सबसे गर्म

गर्मी से फिर दहका थार, जैसलमेर @ 45.9, प्रदेश में सबसे गर्म

स्वर्णनगरी इन दिनों प्रचंड गर्मी और भीषण लू की गिरफ्त में है। रविवार को जैसलमेर का अधिकतम तापमान 45.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे जन-जीवन पूरी तरह प्रभावित नजर आया। शनिवार को जैसलमेर प्रदेश का सबसे गर्म शहर बना। यहां दोपहर को गर्म हवाओं के थपेड़ों ने लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल कर दिया। सुबह से ही तेज धूप ने असर दिखाना शुरू कर दिया और दोपहर होते-होते शहर की सडक़ें सूनी पड़ गईं।

बाजारों में भी आम दिनों की तुलना में कम चहल-पहल दिखाई दी। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान 45.9 व न्यूनतम 27.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो एक दिन पहले क्रमश: 42.6 और 27.8 डिग्री रहा था। इस तरह से एक दिन में पारे ने 3.3 डिग्री की छलांग लगाई है।

ये हुए सर्वाधिक परेशान

भीषण गर्मी के चलते सबसे अधिक परेशानी राहगीरों, दिहाड़ी मजदूरों और यातायात कर्मियों को उठानी पड़ी। दोपहर के समय गर्म हवा के थपेड़े मानो आग बरसा रहे थे। कई स्थानों पर लोग छांव और ठंडे पानी की तलाश करते नजर आए। शहर के प्रमुख चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर रखे हुए शीतल पानी के कैम्पर लोगों के लिए राहत का सबब बने हुए हैं। गर्मी से इंसानों के साथ पशु-पक्षी भी बेहाल दिखाई दे रहे हैं। चिकित्सकों ने भी तेज गर्मी को देखते हुए दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर नहीं निकलने, पर्याप्त पानी पीने और सिर ढंककर रखने की सलाह दी है। मौसम के पूर्वानुमान के अनुसार आगामी दिनों में तापमान में विशेष गिरावट की संभावना नहीं है। तेज गर्मी और लू का दौर फिलहाल जारी रहने के संकेत हैं। ऐसे में आमजन को सतर्क रहने और गर्मी से बचाव के उपाय अपनाने की अपील की जा रही है।

आग उगल रही सूर्य की किरणें, चली तेज आंधी

पोकरण आग उगलती सूर्य की किरणों के साथ भीषण गर्मी व लू के थपेड़ों से आमजन का बेहाल हो रहा है। गत कुछ दिनों से सूर्य अपना रौद्र रूप धारण किए हुए है। हालांकि दिन भर तेज हवा भी चल रही है और शाम को आंधी जैसा मौसम हो जाता है, लेकिन भीषण गर्मी का प्रकोप भी लगातार जारी है। जिसके कारण लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो रहा है। हालात इस कदर है कि सुबह दिन चढऩे के साथ सूर्य की किरणें तेज होने लगती है और नौ बजे ही लू के थपेड़ों का दौर शुरू हो जाता है, जो देर शाम तक जारी रहता है।

इसके बाद देर रात तक गर्मी के कारण जनजीवन अस्त व्यस्त हो रहा है। शनिवार को भी कुछ ऐसे ही हालात रहे। आठ बजे तापमान में हुई बढ़ोतरी के बाद लू के थपेड़ों का दौर शुरू हो गया, जो देर शाम तक भी जारी रहा। शनिवार को तापमान 45 से 46 डिग्री तक पहुंचा। जिसके कारण आमजन का बेहाल हो गया। दोपहर में तेज हवा के साथ आंधी भी चली, लेकिन देर शाम तक गर्मी का दौर जारी रहने के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ। दोपहर में भीषण गर्मी व लू के थपेड़ों के कारण मुख्य मार्गों पर सन्नाटा पसरा नजर आया। भीषण गर्मी व लू के कारण मौसमी बीमारियों के मरीजों की संख्या भी बढऩे लगी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *