जैसलमेर संडे बोल: आपकी आवाज- आज का सवाल

जैसलमेर संडे बोल: आपकी आवाज- आज का सवाल

आज का सवाल – स्कूलों में ग्रीष्मावकाश शुरू हो गए हैं। करीब डेढ़ माह तक बच्चों के लिए छुट्टियां चलेंगी। इस अवधि का क्या सकारात्मक उपयोग हो सकता है। जो बच्चों के भविष्य के लिए भी सुखद फलदायी हो।

प्रदेश भर की भांति जैसलमेर में भी स्कूलों का ग्रीष्मावकाश होने से बच्चों के लिए नए-नए कौशल सीखने का स्वर्णिम अवसर आया है। करीब डेढ़ माह की छुट्टियों में बच्चे कई रचनात्मक रुचियां न केवल जागृत कर सकते हैं बल्कि अपने कौशल को परिष्कृत भी कर सकते हैं।

नई चीजें सीखने का अवसर

ग्रीष्मावकाश बच्चों के लिए केवल आराम का समय नहीं, बल्कि नई चीजें सीखने का सुनहरा अवसर भी है। इस दौरान बच्चों को पुस्तक पढऩे की आदत विकसित करनी चाहिए। रोजाना एक निश्चित समय अध्ययन, सामान्य ज्ञान और रचनात्मक गतिविधियों के लिए तय किया जाए तो उनका बौद्धिक विकास बेहतर होगा। साथ ही अभिभावकों को भी बच्चों के साथ समय बिताकर संवाद बढ़ाना चाहिए।

– पंकज केवलिया

रचनात्मकता की ओर हो झुकाव

आज के दौर में बच्चे मोबाइल और टीवी की ओर तेजी से आकर्षित हो रहे हैं। ऐसे में ग्रीष्मावकाश के दौरान उन्हें खेलकूद, योग, संगीत, चित्रकला और हस्तकला जैसी गतिविधियों से जोडऩा जरूरी है। इससे बच्चों का मानसिक तनाव कम होगा और उनकी रचनात्मक क्षमता बढ़ेगी। छुट्टियों में परिवार के साथ समय बिताने से बच्चों के व्यवहार और भावनात्मक विकास पर भी सकारात्मक असर पड़ता है।

– नरपत लाहुआ

कई कार्यक्रम उपयोगी

बच्चों को छुट्टियों में केवल कोचिंग या पढ़ाई तक सीमित रखने के बजाय उनकी रुचि और प्रतिभा पहचानने पर ध्यान देना चाहिए। कंप्यूटर स्किल, भाषा सीखना, स्पोकन इंग्लिश, रोबोटिक्स या अन्य लघु प्रशिक्षण कार्यक्रम बच्चों के भविष्य के लिए उपयोगी साबित हो सकते हैं। इससे वे नई तकनीकों और कौशलों से परिचित होंगे, जो आगे चलकर उनके करियर निर्माण में मदद करेंगे।

– लक्ष्मण लखानी सोलंकिया

संस्कारों का करें विकास

गर्मी की छुट्टियां बच्चों में जिम्मेदारी और संस्कार विकसित करने का भी अच्छा समय है। उन्हें घर के छोटे-मोटे काम, पौधरोपण, जल संरक्षण और सामाजिक गतिविधियों से जोडऩा चाहिए। गांव या रिश्तेदारों के यहां जाने से बच्चों को पारिवारिक और सांस्कृतिक मूल्यों की समझ मिलती है। यदि छुट्टियों का संतुलित उपयोग किया जाए तो यह समय बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।

– मालती व्यास

अगले सप्ताह का सवाल

जैसलमेर में भीषण गर्मी का दौर निरंतर जारी है। सीमावर्ती जिले में लोगों को गर्मी से बचाव के लिए क्या करना आवश्यक है, इस संबंध में प्रतिक्रिया फोटो सहित निम्न नम्बर पर भिजवाएं। 9462246222

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *