Ricky Ponting statement on PBKS: इकाना स्टेडियम में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के खिलाफ होने वाले करो या मरो के मुकाबले से पहले पंजाब किंग्स के हेड कोच रिकी पोंटिंग का बड़ा बयान सामने आया है। पोंटिंग ने बताया कि कैसे कोलकाता (KKR) के खिलाफ बारिश से धुल गया एक मैच श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली पंजाब किंग्स की बर्बादी की वजह बन गया।
Ricky Ponting statement on PBKS: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के शुरुआती हाफ में जो टीम पॉइंट्स टेबल के शिखर पर राज कर रही थी, आज वो प्लेऑफ के टिकट के लिए तरस रही है। श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली पंजाब किंग्स (PBKS) ने लगातार 6 मैच हारकर अपने पैर पर खुद कुल्हाड़ी मार ली है। टीम फिलहाल 13 अंकों के साथ पांचवें नंबर पर है, जबकि राजस्थान रॉयल्स 14 अंकों के साथ चौथे स्थान पर काबिज है। आज शनिवार को लखनऊ के इकाना स्टेडियम में पंजाब का सामना लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) से होना है, जो उनके लिए इस सीजन का आखिरी और सबसे बड़ा इम्तिहान है।
इस मैच ने पलटी पंजाब की किस्मत
पंजाब किंग्स के हेड कोच रिकी पोंटिंग ने इस चौंकाने वाले डाउनफॉल के राज से पर्दा उठाया है। पोंटिंग का मानना है कि कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ, जो मैच बारिश की वजह से धुला था, वहीं से पंजाब की किस्मत पलट गई।
पोंटिंग ने कहा, ‘हम पहले छह या सात मैचों में कमाल का क्रिकेट खेल रहे थे। इसके बाद केकेआर के खिलाफ वो मैच बारिश में धुल गया और मुझे लगता है कि ठीक उसी पल से हमारी लय बिगड़ गई। क्रिकेट में चीजें बहुत छोटी होती हैं, बस एक या दो गेंदें या एक ओवर का खेल। हम बहुत आसानी से तीन या चार और मैच जीत सकते थे, लेकिन इस नाकामी के लिए हम सिर्फ खुद को ही दोषी ठहरा सकते हैं।’
टॉप-4 में पहुंचने की गुंजाइश
अब समीकरण यह है कि अगर पंजाब आज लखनऊ से हारती है, तो वो सीधे टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगी। अगर वो जीतती है, तो उसके 15 अंक हो जाएंगे। इसके बावजूद उनका प्लेऑफ टिकट पक्का नहीं होगा, क्योंकि राजस्थान (RR) 16 अंकों तक पहुंच सकती है और केकेआर (KKR) भी 15 अंक हासिल कर सकती है। ऐसे में नेट रन रेट (NRR) ही अंतिम फैसला करेगा।
लखनऊ की टीम पहले ही बाहर हो चुकी है और वो केवल अपनी साख के लिए खेलेगी। पोंटिंग ने अपनी टीम को चेतावनी देते हुए कहा कि लखनऊ के पास खोने के लिए कुछ नहीं है, इसलिए वो बेहद खतरनाक साबित हो सकते हैं। लेकिन, वो चाहते हैं कि उनके खिलाड़ी बिना किसी डर के मैदान पर उतरें और निडर होकर खेलें।
Sports – Patrika | CMS



