Satna Theft Case: मध्यप्रदेश के सतना में बगहा बायपास स्थित सैनिक कॉलोनी में चोरों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए प्रॉपर्टी डीलर के मकान से करीब 50 लाख रुपए से अधिक का माल पार कर दिया। बदमाश घर में घुसकर सोने-चांदी के जेवर, लाखों की नकदी और बंदूक के कारतूस तक समेट ले गए। घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट और डॉग स्क्वॉड के साथ मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
रात 12 से ढाई बजे के बीच हुई चोरी
पीड़ित प्रॉपर्टी डीलर दिनेश सिंह सिद्धू ने बताया कि चोरी उनकी पत्नी के कमरे में हुई। रात में कमरे का कूलर खराब हो जाने के कारण उनकी पत्नी दूसरे कमरे में सोने चली गई थीं। रात करीब साढ़े 11 बजे बेटा घर लौटा, जिसके बाद सभी अपने-अपने कमरों में सो गए। रात करीब ढाई बजे पत्नी की नींद खुली और जब वह अपने कमरे में पहुंचीं तो वहां का नजारा देखकर चीख पड़ी। शोर सुनकर परिवार के अन्य सदस्य पहुंचे तो अलमारी खुली मिली, सामान फर्श पर बिखरा पड़ा था और लॉकर टूटा हुआ था।
26 तोला सोना, डेढ़ किलो चांदी और 12 लाख नकद गायब
पीड़ित के अनुसार चोर करीब 26 तोला सोने के जेवर, डेढ़ किलोग्राम चांदी और 12 लाख रुपए नकद लेकर फरार हुए हैं। बताया गया कि मकान के पीछे दो दरवाजे हैं और आशंका है कि बदमाश उसी रास्ते अंदर घुसे। पुलिस डॉग भी कमरे से होते हुए मकान के पीछे और बायपास की ओर गया, जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि चोर उसी दिशा से भागे।

लोडेड बंदूक मिली तो निकाल ली गोलियां
वारदात के दौरान बदमाशों के हाथ घर में रखी डबल बैरल बंदूक भी लगी। बताया गया कि बंदूक लोडेड थी। चोरों ने बंदूक को अनलॉक कर उसमें भरी गोलियां निकाल लीं और वहां रखे 25 कारतूस भी साथ ले गए। पीड़ित ने बताया कि परिवार की सुरक्षा के लिए बंदूक हमेशा लोड रखी जाती थी।
लॉकर तोड़ा किसी को नहीं लगी भनक
पुलिस के मुताबिक घटना के समय पूरा परिवार गहरी नींद में था। बदमाशों ने बेहद शातिर तरीके से लॉकर तोड़ा, लेकिन किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी। चोरों ने केवल उसी कमरे को निशाना बनाया, जहां नकदी और जेवर रखे थे। पुलिस ने चोरी गए सामान की सूची मांगी है। मकान में सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे थे, जिससे जांच में कठिनाई आ रही है। फिलहाल पुलिस आसपास के संदिग्धों और पुराने अपराधियों से पूछताछ कर रही है।


