Ricky Ponting statement Punjab Kings losing streak: IPL 2026 में लगातार 6 मैच हारकर प्लेऑफ की रेस में पिछड़ रही पंजाब किंग्स (PBKS) के कोच रिकी पोंटिंग ने सोशल मीडिया पर मिल रही भारी ट्रोलिंग और टीम के प्रदर्शन पर चुप्पी तोड़ी है। लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में होने वाले करो या मरो के मुकाबले से पहले पोंटिंग ने टीम का एक बड़ा सच सामने रखा है।
Ricky Ponting statement on Punjab Kings: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के इस सीजन में पंजाब किंग्स (PBKS) की शुरुआत किसी सपने जैसी रही थी। मेगा ऑक्शन के बाद मैदान पर उतरी इस टीम ने अपने पहले 7 मैचों में से 6 में धमाकेदार जीत दर्ज की थी और खिताब की सबसे बड़ी दावेदार लग रही थी। लेकिन अप्रैल के आखिर से पंजाब की गाड़ी ऐसी पटरी से उतरी कि टीम लगातार 6 मुकाबले हार गई।
पंजाब की पलटी किस्मत
अब हालत यह है कि पंजाब किंग्स 13 मैचों में 13 अंकों (एक मैच बारिश के कारण रद्द हुआ) के साथ पॉइंट्स टेबल में पांचवें स्थान पर है। हालांकि, +0.227 के अच्छे नेट रन रेट की वजह से पंजाब अभी भी प्लेऑफ की रेस में बनी हुई है, लेकिन कोलकाता नाइट राइडर्स और राजस्थान रॉयल्स से मिल रही कड़ी टक्कर के बीच अब उनके लिए आगे का रास्ता बेहद मुश्किल हो चुका है। लगातार मिल रही हार की वजह से सोशल मीडिया पर फैंस खिलाड़ियों और टीम मैनेजमेंट को जमकर निशाना बना रहे हैं।
‘अगर प्लेऑफ में पहुंचे तो सब बंद हो जाएंगे’
भारी आलोचना और गुस्से पर पंजाब के हेड कोच रिकी पोंटिंग ने मीडिया से बातचीत में करारा जवाब दिया है। पोंटिंग ने कहा कि बाहर चल रहे इस शोर का ड्रेसिंग रूम के माहौल पर कोई असर नहीं पड़ा है। पोंटिंग ने एक बड़ा खुलासा करते हुए कहा, ‘एक कोच के तौर पर मुझे मैदान के बाहर की किसी भी बात की चिंता करने की जरूरत नहीं पड़ी है। सोशल मीडिया पर एक छोटी सी हेडलाइन को बहुत बड़ी कहानी बना दिया जाता है, लेकिन इससे हमें फर्क नहीं पड़ता। खिलाड़ी अच्छी तरह जानते हैं कि मैच जीतने के लिए उन्हें क्या करना है।’
पोंटिंग ने आगे सीधे शब्दों में कहा, ‘यह बहुत सीधा सा गणित है। अगर हम प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई कर जाते हैं, तो बाहर हमारे खिलाफ चल रही यह सारी नेगेटिविटी अपने आप गायब हो जाएगी।’
निडर होकर खेलने की सलाह दी
कोच पोंटिंग ने लखनऊ (LSG) के खिलाफ होने वाले अपने आखिरी और सबसे जरूरी लीग मैच से पहले टीम को जीत का मंत्र दिया है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को हार के डर को दिमाग से निकालकर सीजन के शुरुआती मैचों की तरह निडर होकर क्रिकेट खेलनी होगी। पोंटिंग ने कहा, ‘जब हम अपने सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में होते हैं, तो हम इस टूर्नामेंट की सबसे बेखौफ टीम होते हैं। हम चुनौतियों से डरते नहीं हैं। मैं लखनऊ के खिलाफ मैच में टीम से इसी निडर रवैये को वापस लाने की बात करने जा रहा हूं।’
Sports – Patrika | CMS



