लखनऊ के कैसरबाग थानाक्षेत्र स्थित खंदारी बाजार इलाके में किराए के कमरे में रहने वाले किन्नर का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने साथी आकाश कश्यप के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है। मृतक की पहचान सीतापुर के भवानीपुर निवासी पूर्वी पांडेय उर्फ विकास पांडेय (26) के रूप में हुई है। वह पिछले करीब तीन वर्षों से ठाकुरगंज के बालागंज निवासी आकाश कश्यप के साथ रह रहे थे। पूर्वी के भाई आकाश पांडेय ने बताया कि मंगलवार को दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। झगड़े के दौरान पूर्वी ने आकाश कश्यप का मोबाइल लेकर उसमें से सिम कार्ड निकाल लिया था और उसे कमरे से बाहर जाने के लिए कह दिया था। परिजनों के मुताबिक विवाद के बाद से पूर्वी मानसिक तनाव में थे। गुरुवार दोपहर आकाश कश्यप ने पूर्वी के भाई को फोन कर अपना सिम कार्ड वापस दिलाने की बात कही। इस पर उसे खंदारी बाजार स्थित कमरे पर जाने के लिए कहा गया। शाम करीब पांच बजे आकाश कश्यप कमरे पर पहुंचा तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी देर तक आवाज लगाने के बावजूद कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई। इसके बाद उसने पुलिस और परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो पूर्वी का शव कमरे के अंदर पंखे से दुपट्टे के सहारे लटका मिला। घटना के बाद पूर्वी के साथ रहने वाले कुछ लोगों ने आकाश कश्यप पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया। वहीं मृतक के भाई ने भी आकाश के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। इंस्पेक्टर कैसरबाग अंजनी मिश्र ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मृतक के परिवार में पिता रामदत्त पांडेय, मां और दो भाई हैं।


