आगरा के मलपुरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक मजदूर का शव मिला। यह घटना आगरा-जगनेर रोड स्थित गांव गामरी में फौजी बिल्डिंग मटेरियल की दुकान के पास एक खाली प्लॉट में हुई। सूचना मिलते ही मलपुरा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटनास्थल पर एसीपी सैया सुकन्या शर्मा भी पहुंचीं। एसीपी सैया सुकन्या शर्मा ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे पुलिस कंट्रोल रूम को जानकारी मिली थी कि गामरी गांव के पास खाली प्लॉट में लगभग 40 वर्षीय एक युवक का शव पड़ा है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान ‘पंडित जी’ के रूप में हुई है, जो मजदूरी करता था और कुआं खेड़ा का निवासी बताया जा रहा है। हालांकि, उसके नाम और पते की अभी तक कोई पुख्ता पुष्टि नहीं हुई है। मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम भी जांच में जुटी है ताकि युवक की मौत के कारणों का पता लगाया जा सके। पुलिस के अनुसार, फिलहाल हत्या जैसा कोई स्पष्ट संकेत नहीं मिला है, लेकिन सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मृतक के परिजनों की तलाश कर रही है और यह जानने का प्रयास कर रही है कि युवक कहां का रहने वाला था और उसका असली नाम क्या था। स्थानीय लोगों के अनुसार, वह यहां किसी दुकान पर मजदूरी करता था और उसका कोई स्थायी ठिकाना नहीं था।


