दूल्हा हत्याकांड में 21 दिन बाद भी आरोपी फरार:जौनपुर में सपा नेता एहसान खान ने पीड़ित परिवार के साथ शुरू किया धरना

दूल्हा हत्याकांड में 21 दिन बाद भी आरोपी फरार:जौनपुर में सपा नेता एहसान खान ने पीड़ित परिवार के साथ शुरू किया धरना

जौनपुर के सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के बड़उर गांव में दूल्हा आजाद बिंद हत्याकांड के आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर समाजवादी पार्टी के संस्थापक सदस्य एहसान खान ने धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया है। यह आंदोलन पीड़ित परिवार के घर पर हो रहा है, जिसमें परिवार के सदस्य भी शामिल हैं। एहसान खान ने घोषणा की कि मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी होने तक यह आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने प्रदेश सरकार और पुलिस प्रशासन पर आरोप लगाते हुए कहा कि घटना के 21 दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस हत्यारोपियों को पकड़ने में विफल रही है। खान ने पुलिस की कार्यशैली को अल्पसंख्यक, अनुसूचित जाति और गरीब परिवारों को न्याय दिलाने में निराशाजनक बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस लगातार दबिश और कार्रवाई के दावे कर रही है, लेकिन इसका जमीनी स्तर पर कोई प्रभाव नहीं दिख रहा है। उनके अनुसार, यदि पुलिस सक्रिय होती तो आरोपी इतने दिनों तक फरार नहीं होते। धरने के दौरान एहसान खान ने समर्थकों और ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि यह केवल एक परिवार को न्याय दिलाने की लड़ाई नहीं है, बल्कि गरीब और कमजोर तबकों की आवाज उठाने का आंदोलन है। मृतक आजाद बिंद की मां, बहन सौम्या बिंद और पिता राम लखन बिंद भी धरने में शामिल हैं। उन्होंने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। एहसान खान ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो धरना प्रदर्शन के बाद भूख हड़ताल और फिर आमरण अनशन शुरू किया जाएगा। इस आंदोलन को देखते हुए गांव में पुलिस प्रशासन भी सतर्क है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *