चित्तौड़गढ़ में तस्करों का जुगाड़ फेल: स्टील की बोतल में छिपा रखा था काला सोना, ANTF का बड़ा खुलासा

चित्तौड़गढ़ में तस्करों का जुगाड़ फेल: स्टील की बोतल में छिपा रखा था काला सोना, ANTF का बड़ा खुलासा

ANTF Action Rajasthan: चित्तौड़गढ़ में नशे के सौदागर पुलिस की नजरों से बचने के लिए नित नए और चौंकाने वाले तरीके अपना रहे हैं, लेकिन मुस्तैद खाकी के आगे तस्करों के सारे मंसूबे फेल साबित हो रहे हैं। जिला पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए तस्करी के एक ऐसे ही अनूठे और हैरान कर देने वाले मामले का भंडाफोड़ किया है।

तस्कर ने किसी को शक न हो इसलिए भीषण गर्मी का फायदा उठाकर स्टील की पानी की बोतल में काला सोना अफीम छिपा रखी थी। पुलिस ने इस मामले सहित कुल तीन अलग-अलग कार्रवाइयों में 4 तस्करों को दबोचकर अफीम और डोडा-चूरा बरामद किया है।

प्यास बुझाने वाली बोतल से निकली अफीम

एएनटीएफ की टीम को पुख्ता सूचना मिली थी कि चंदेरिया थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति भीलवाड़ा सर्विस लाइन पर अवैध मादक पदार्थ के साथ बस का इंतजार कर रहा है। सूचना पर टीम के जवान सादे वस्त्रों में मौके पर पहुंचे। वहां पीठ पर बैग लटकाए खड़े एक संदिग्ध युवक को टीम ने बड़ी चतुराई से घेराबंदी कर दबोच लिया।

चंदेरिया थाना पुलिस को मौके पर बुलाकर जब युवक के बैग की तलाशी ली गई तो सब चौंक गए। शातिर तस्कर ने स्टील की पानी की बोतल में 810 ग्राम अफीम छुपा रखी थी ताकि चेकिंग के दौरान किसी को शक न हो। पुलिस ने आरोपी हनुमानराम नाई को गिरफ्तार कर अफीम जब्त कर ली है।

एमपी से ट्रॉली बैग में लाया डोडा-चूरा

नशे के खिलाफ एएनटीएफ की पैनी नजर का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि टीम ने पिछले 10 दिनों में 5 बड़ी कार्रवाइयों को अंजाम दिया है। ताजा मामले में सूचना मिली कि मध्य प्रदेश के रतलाम से एक तस्कर ट्रेन के जरिए चित्तौड़गढ़ रेलवे स्टेशन पहुंचा है जिसके पास मौजूद ट्रॉली बैग में नशा है। पुलिस जब तक स्टेशन पहुंचती आरोपी बस स्टैंड की तरफ निकल चुका था। टीम ने पीछा करते हुए नेहरू पार्क के पास उसे धर दबोचा। ट्रॉली बैग की तलाशी में 5.499 किलोग्राम डोडा-चूरा और 1.982 किलोग्राम डोडा-चूरा मिलाने का टांका बरामद हुआ। आरोपी रहमान अब्बासी को गिरफ्तार कर पुलिस अब उसके पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुट गई है।

स्लीपर बस से दो तस्कर गिरफ्तार

एएनटीएफ को दूसरी सफलता नीमच से दिल्ली जाने वाली अशोक ट्रेवल्स की स्लीपर बस में मिली। सूचना थी कि बस में दो तस्कर मादक पदार्थ लेकर सफर कर रहे हैं। टीम तुरंत नरपत की खेड़ी पुलिया स्थित यात्री प्रतीक्षालय पहुंची और नाकाबंदी कर बसों की चेकिंग शुरू की। स्लीपर कोच संख्या 4 में बैठे दो युवक पुलिस टीम को देखकर घबरा गए। स्थानीय पुलिस की मदद से जब दोनों की तलाशी ली गई, तो उनके कब्जे से 505 ग्राम अफीम बरामद हुई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *