वाराणसी: शिवपुर थाना क्षेत्र की रहने वाली एक युवती अपने प्रेमी से शादी करने की जिद को लेकर पानी की टंकी पर चढ़ गई और हंगामा करना शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि युवती की शादी उसके परिजन कहीं और कर रहे थे, लेकिन वह अपने प्रेमी से शादी करना चाहती थी। वहीं, उसका प्रेमी उसके अपहरण के मुकदमे में जेल जा चुका है और एक सप्ताह पहले ही जमानत पर छूट कर बाहर आया है।
परिजनों ने लिखवाया था अपहरण का मुकदमा
जानकारी के मुताबिक, वाराणसी के शिवपुर थाना क्षेत्र के कांशीराम आवास के समीप रहने वाली युवती अपने प्रेमी से शादी करने की जिद पर अड़ गई और जब परिजनों ने उसकी बात नहीं सुनी तो वह पानी की टंकी पर चढ़कर हंगामा करने लगी। बताया जा रहा है कि युवती का शिवपुर थाना क्षेत्र के ही तरना के रहने वाले कुणाल से प्रेम प्रसंग चल रहा था और कुछ दिन पहले वह युवती को लेकर फरार हो गया था, जिसके बाद परिजनों ने अपहरण का मुकदमा लिखवाया था।
बताया जा रहा है कि इंदरपुर इलाके में किराए के मकान में युवती रहती है और पास ही स्थित कांशीराम आवास में पानी की टंकी पर चढ़ गई, जिसके बाद लोगों ने इस बारे में सूचना पुलिस को दी। वहीं, घटना की सूचना के बाद युवती के परिजन भी मौके पर पहुंच गए और उसे समझाने बुझाने का प्रयास किया, लेकिन वह मानने को तैयार नहीं थी। युवती ने बताया है कि वह परिजनों से बार-बार उसकी शादी कुणाल से कराने के लिए कहती रही, लेकिन परिजन उसकी बात मानने को तैयार नहीं हुए, जिसके बाद उसने यह कदम उठाया है।
पुलिस के समझाने पर भी नहीं उतरी
कॉलोनी के लोगों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी, जिसके बाद मौके पर चौकी प्रभारी प्रवीण सचान और शिवपुर पुलिस पहुंची और युवती को समझाने बुझाने लगी। पुलिस के लाख समझाने के बाद भी वह नीचे उतरने को राजी नहीं हुई। युवती बार-बार अपने प्रेमी कुणाल से उसकी शादी करने की मांग कर रही है।
पुलिस ने बताया कि युवती के पिता मजदूरी का काम करते हैं और जिस युवक से वह शादी करने की जिद पर अड़ी है वह उसी के अपहरण के मामले में जेल गया था और एक सप्ताह पहले ही जमानत पर छूट कर बाहर आया हुआ है। पुलिस ने युवती को समझा बूझकर नीचे उतरने के लिए उसके प्रेमी को भी मौके पर बुला लिया है, लेकिन फिर भी वह शादी की जिद पर अड़ी हुई है। पुलिस ने बताया कि युवती को समझाने बुझाने का प्रयास किया जा रहा है।


