भदोही जिले के कोइरौना ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली व्यवस्था चरमरा गई है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 21 मई को अधिकतम तापमान 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान जताया है। अगले कई दिनों तक 46 से 47 डिग्री के बीच तापमान और तेज गर्म हवाएं चलने की संभावना है, जिससे लोगों की परेशानी बढ़ गई है। समस्या 13 मई को आई तेज आंधी के बाद शुरू हुई थी, जिससे जिले के कई गांवों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई थी। नौ दिन बीत जाने के बावजूद ग्रामीण इलाकों में बिजली व्यवस्था सामान्य नहीं हो पाई है। यहां बार-बार फाल्ट और घंटों बिजली कटौती की समस्या बनी हुई है। सरकार गांवों में 18 घंटे बिजली आपूर्ति का दावा करती है, लेकिन कोइरौना के कई क्षेत्रों में लोगों को आठ घंटे भी नियमित बिजली नहीं मिल पा रही है। दिन में भीषण गर्मी और रात में उमस के कारण बिजली कटौती से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। पंखे और कूलर बंद होने से लोग रातभर छतों या घरों के बाहर समय बिताने को मजबूर हैं। छोटे बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि बिजली विभाग ने मरम्मत और लाइन दुरुस्त करने के दावे किए थे, लेकिन नौ दिन बाद भी आपूर्ति व्यवस्था पटरी पर नहीं लौट सकी है। आईएमडी के सात दिन के पूर्वानुमान के अनुसार, 23 मई से तेज सतही हवाएं चलने की भी संभावना है। ग्रामीणों को आशंका है कि यदि बिजली व्यवस्था जल्द ठीक नहीं हुई तो आने वाले दिनों में संकट और गहरा सकता है। इस भीषण गर्मी और बदहाल बिजली व्यवस्था ने गांवों की दिनचर्या को बुरी तरह प्रभावित किया है।


