बदायूं जिले की बिल्सी तहसील के बेरमई खुर्द गांव के किसानों ने गुरुवार को बिजली कटौती के विरोध में तहसील मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। किसानों ने अधिकारियों को शिकायती पत्र सौंपते हुए नियमित बिजली आपूर्ति की मांग की। ग्रामीण बृजभान सिंह ने बताया कि लगातार हो रही बिजली कटौती के कारण खेतों की सिंचाई प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि समय पर पानी न मिलने से मक्का की फसल सूखने लगी है। किसानों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया। ‘24 घंटे में केवल दो-चार घंटे मिल रही बिजली’ ग्रामीण प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि गांव में 24 घंटे में मुश्किल से दो से चार घंटे ही बिजली मिल रही है। उन्होंने कहा कि बिजली आने पर भी बार-बार ट्रिपिंग होती रहती है, जिससे किसानों को उपलब्ध समय का भी लाभ नहीं मिल पाता। ट्यूबवेल लाइन बंद करने का भी लगाया आरोप प्रदर्शन के दौरान कुछ ग्रामीणों ने स्थानीय बिजली कर्मचारियों पर ट्यूबवेल की लाइनें बंद करने का आरोप भी लगाया। किसानों ने कहा कि इससे सिंचाई पूरी तरह प्रभावित हो रही है और खेती संकट में पड़ गई है। तहसील मुख्यालय पर की नारेबाजी गुरुवार दोपहर बड़ी संख्या में किसान बिल्सी तहसील पहुंचे और नारेबाजी करते हुए अधिकारियों से कार्रवाई की मांग की। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।


