Punjab BJP President: पंजाब में विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर बीजेपी ने रणनीति बनाना शुरू कर दिया है। इसके तहत प्रदेश में नया अध्यक्ष नियुक्त करने जा रही है। माना जा रहा है कि पार्टी इस बार वोट बैंक को ध्यान में रखते हुए किसी सिख चेहरे को जिम्मेदारी दे सकती है। क्योंकि मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ का तीन साल का कार्यकाल जुलाई में समाप्त हो रहा है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पार्टी इस महीने के अंत तक या जून की शुरुआत में नए अध्यक्ष के नाम की घोषणा कर सकती है। हालांकि, जाखड़ चुनाव अभियान में अहम भूमिका निभाते रहेंगे।
बता दें कि हाल के दिनों में पंजाब में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी लगातार कार्यक्रमों और रैलियों में सक्रिय रहे हैं। वे सिख चेहरे के पक्ष में लगातार जोर दे रहे हैं।
रेस में ये नाम आगे
संभावित नामों में केंद्रीय मंत्री रवनीत बिट्टू और पूर्व वित्त मंत्री मनप्रीत बादल प्रमुख हैं, वहीं कैप्टन अमरिंदर सिंह केवल ढिल्लों के नाम को आगे बढ़ा रहे हैं। हालांकि, इसी बीच एक चौंकाने वाला नाम मनजीत राय का भी सामने आया है। मनजीत राय लंबे समय से संगठन में सक्रिय रहे हैं और मालवा क्षेत्र में उनकी मजबूत जमीनी पकड़ मानी जाती है।
अमृतसर से आने वाले पूर्व नौकरशाह और अब BJP नेता जगमोहन राजू का नाम भी चर्चा में है। राजू को पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का करीबी माना जाता है। उन्होंने 2022 में सरकारी सेवा छोड़कर राजनीति में प्रवेश किया था और बाद में पंजाब BJP के महासचिव बनाए गए।
राज्यसभा सांसद सतनाम संधू, पूर्व विधायक राणा गुरमीत सोढ़ी और फतेह जंग बाजवा भी पार्टी के प्रमुख सिख चेहरों में शामिल हैं।
तरुण चुघ का भी चल रहा नाम
पंजाब मामलों से लंबे समय से जुड़े वरिष्ठ नेता तरुण चुघ का नाम भी दावेदारों में शामिल बताया जा रहा है। बता दें कि पार्टी द्वारा सिख अध्यक्ष को प्राथमिकता देने के पीछे पंजाब की राजनीतिक और सामाजिक वास्तविकता मानी जा रही है।
दरअसल, पंजाब में सिख चेहरा बेहद मायने रखता है, क्योंकि प्रदेश में सिख समुदाय बहुसंख्यक है। पार्टी वोट बैंक को ध्यान में रखते हुए सिख चेहरे को मौका दे सकती है। इसके अलावा, 2027 विधानसभा चुनाव को देखते हुए BJP पंजाब में अपनी बाहरी पार्टी वाली छवि बदलना चाहती है, क्योंकि अब तक उसे राज्य में मजबूत आधार बनाने में संघर्ष करना पड़ा है।


