आणंद और उमरेठ डिवीजन के विभिन्न पुलिस स्टेशन क्षेत्रों में तहत जब्त की
आणंद. तहसील के बेडवा गांव की सीमा में स्थित एक्सप्रेस हाईवे के पास 4.01 करोड़ रुपए से अधिक की शराब को रोड रोलर चलाकर नष्ट किया गया।
आणंद जिला पुलिस अधीक्षक जी.जी. जसाणी ने 2025-26 के दौरान पिछले पांच महीनों में आणंद और उमरेठ डिवीजन के विभिन्न पुलिस स्टेशन क्षेत्रों में तहत जब्त की गई शराब को नष्ट करने के निर्देश दिए।
इसके बाद दोनों डिवीजनों के सभी थाना प्रभारियों ने संबंधित अदालतों से शराब नष्ट करने की अनुमति प्राप्त की। बुधवार को बेडवा गांव की सीमा में एक्सप्रेस हाईवे के पास कार्रवाई की गई। इस दौरान विभिन्न पुलिस स्टेशन क्षेत्रों में जब्त की गई शराब की अलग-अलग ब्रांड की कुल 1,27,720 बोतलों को नष्ट किया गया। इसकी कुल कीमत 4.01 करोड़ रुपए बताई गई।
अदालत के आदेश के आधार पर समिति के अध्यक्ष सह आणंद उपखंड मजिस्ट्रेट डॉ. मयूर परमार, समिति के सदस्य सह आणंद डिवीजन के पुलिस उपाधीक्षक जे.एन. पंचाल, जिला निषेध और आबकारी विभाग के अधीक्षक डी.जे. वनाणी तथा आणंद और उमरेठ डिवीजन के सभी थाना प्रभारी एवं आणंद रेलवे पुलिस स्टेशन के प्रभारी मौजूद थे।
एसएमसी ने 15 लाख की शराब सहित दो को पकड़ा
आणंद. स्टेट मॉनीटरिंग सेल (एसएमसी) की टीम ने खेड़ा जिले की ठासरा तहसील के सिमलाज गांव में छापेमारी कर 15.70 लाख रुपए की शराब बरामद की। मुखबिर की सूचना पर एसएमसी के पीआइ एम.के. मालवीया व टीम ने सिमलाज गांव में भाथीजी मंदिर के पीछे भाथीजी वालु फलियु निवासी महेश वाघेला (तलपदा) के घर पर छापा मारा।
मौके से 7,359 टिन शराब, 4 वाहन, 3 मोबाइल, 11,400 रुपए की नकदी सहित कुल 31.31 लाख रुपए का मुद्दामाल जब्त किया। मौके से महेश वाघेला (तलपदा) और ठासरा तहसील के बाहर फलियु निवासी राहुलकुमार परमार को गिरफ्तार किया। वहीं, प्रदीप परमार, शराब सप्लाई करने वाले राजस्थान के सांचोर निवासी हनुमानसिंह, राजस्थान के बाड़मेर जिले के चौहटन निवासी रमेश जाट और शराब की डिलीवरी करने वाले अज्ञात चालक को वांछित घोषित किया गया। डाकोर पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया।


