ऑपरेशन म्यूल हंट : 804 करोड़ से अधिक के घोटाले का खुलासा, तीन गिरफ्तार

ऑपरेशन म्यूल हंट : 804 करोड़ से अधिक के घोटाले का खुलासा, तीन गिरफ्तार

शहेरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई : अंतरराज्यीय साइबर फ्रॉड रैकेट का पर्दाफाश, दो वांछित घोषित

गोधरा. गुजरात पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन म्यूल हंट के तहत साइबर अपराधियों के खिलाफ शहेरा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। शहेरा पुलिस स्टेशन की टीम ने अंतरराज्यीय साइबर फ्रॉड रैकेट का पर्दाफाश किया है। इस मामले में पुलिस ने एक बैंक के पूर्व ब्रांच ऑफिसर सहित उत्तर प्रदेश और बिहार के मूल निवासी दो युवकों को गिरफ्तार किया।
भारत सरकार के इंडियन साइबर क्राइम को-ऑर्डिनेशन सेंटर के समन्वय पोर्टल और गांधीनगर साइबर सेंटर ऑफ एक्सीलेंस से प्राप्त जानकारी के आधार पर जांच शुरू की गई। हाई वैल्यू चेक ट्रांजैक्शन और एटीएम कैश निकासी के डेटा के आधार पर शहेरा पुलिस की दो विशेष टीमें गठित की गई।
तकनीकी निगरानी और मानव स्रोतों की मदद से पुलिस ने वर्तमान में सूरत के पांडेसरा क्षेत्र में रह रहे उत्तर प्रदेश के मूल निवासी आदर्श शुक्ला (19), बिहार के सीतामढ़ी के मूल निवासी जिशु मिश्रा (21) को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि पूरे षड्यंत्र में गोधरा निवासी व शहेरा के बैंक के पूर्व कॉन्ट्रैक्ट आधारित ब्रांच ऑफिसर सपन पारिख की संलिप्तता थी। उन्हें पहले बैंक द्वारा नौकरी से भी निकाला जा चुका था। उन्हें भी गिरफ्तार किया गया।

30-35 दिन में 3 करोड़ के संदिग्ध ट्रांजैक्शन

प्राथमिक जांच में सामने आया कि सूरत के चार अलग-अलग व्यक्तियों के नाम पर शहेरा के बैंक में खाते खोले गए थे। मात्र 30 से 35 दिनों के भीतर इन खातों से लगभग 3.27 करोड़ के संदिग्ध ट्रांजैक्शन किए गए।

केरल से जुड़े तार

इनमें से एक खाते से जुड़ी धोखाधड़ी के संबंध में केरलम के तिरुवनंतपुरम साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में भी मामला दर्ज है। इसकी जानकारी शहेरा पुलिस ने संबंधित विभाग को दे दी है।
पूछताछ के दौरान गुजरात पुलिस के ऑपरेशन म्यूल हंट के तहत लगभग 804 करोड़ रुपए से अधिक के घोटाले में शामिल सूरत के सागर सेन और दाहोद जिले के राहुल बारिया उर्फ राहुल अग्रवाल के नाम भी सामने आए हैं, दोनों को वांछित घोषित किया गया।
इस पूरे मामले का खुलासा करने में शहेरा पुलिस स्टेशन के पीएसआइ ए.जे. तड़वी, एस.आर. शर्मा, पी.एस. पारगी तथा आइटी विशेषज्ञ विमल पटेल समेत टीम ने सराहनीय कार्य किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *