महाराष्ट्र के पुणे से एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है। सिंहगढ़ रोड इलाके की एक रिहायशी सोसायटी में लिफ्ट के दरवाजे और दीवार के बीच फंसने से 7 साल के मासूम बच्चे की मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे परिसर में शोक का माहौल है। फिलहाल पुलिस ने मामले में आकस्मिक मृत्यु रिपोर्ट (ADR) दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कैसे हुआ हादसा?
मृतक बच्चे की पहचान शिवांश शैलेश धूत (7 वर्ष) के रूप में हुई है, जो निम्बज नगर स्थित ऋद्धि सिद्धि अपार्टमेंट में अपने परिवार के साथ रहता था। घटना सोमवार रात करीब साढ़े 10 बजे की बताई जा रही है।
पुणे फायर ब्रिगेड के एक अधिकारी ने बताया कि बच्चा ग्राउंड फ्लोर और पहली मंजिल के बीच लिफ्ट के दरवाजे और दीवार के बीच फंसा हुआ था। काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी जान जा चुकी थी।
खेलते-खेलते लिफ्ट में गया था बच्चा
सिंहगढ़ रोड पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक विनय पाटनकर ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम और दमकल विभाग मौके पर पहुंचा। शुरुआती जांच में सामने आया है कि बच्चा सोसायटी परिसर में खेल रहा था और इसी दौरान वह लिफ्ट में चला गया।
कुछ ही देर बाद वह लिफ्ट के कोलैप्सिबल दरवाजे और दीवार के बीच फंस गया। हादसे में उसे गंभीर चोटें आईं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस के मुताबिक अब यह जांच की जा रही है कि हादसा लिफ्ट की खराबी, सुरक्षा व्यवस्था में कमी या रखरखाव में लापरवाही की वजह से हुआ या नहीं। इसके लिए संबंधित लिफ्ट निरीक्षकों से रिपोर्ट मांगी जाएगी। पुलिस पीड़ित बच्चे के परिवार और सोसायटी के अन्य लोगों के बयान दर्ज कर रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सोसायटी में मातम, सुरक्षा पर उठे सवाल
इस दर्दनाक हादसे के बाद सोसायटी के लोगों में दहशत और गहरा दुख है। घटना ने एक बार फिर रिहायशी इमारतों में लिफ्ट सुरक्षा और नियमित मेंटेनेंस को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। खासकर बच्चों की सुरक्षा को लेकर अब सोसायटी प्रबंधन की जिम्मेदारी पर भी चर्चा शुरू हो गई है।


