निवाड़ी में नई शराब दुकान के खिलाफ महिलाओं का हंगामा:मोहल्लेवासियों ने सुंदरकांड कर सड़क जाम की; आबकारी विभाग ने नियमों के अनुरूप बताया

निवाड़ी जिले के बाईपास रोड पर नई शराब दुकान खुलने के विरोध में स्थानीय महिलाओं और मोहल्लेवासियों ने मोर्चा खोल दिया है। बुधवार को प्रदर्शनकारियों ने दुकान के सामने ही सुंदरकांड पाठ का आयोजन कर सड़क जाम कर दी। रहवासियों का आरोप है कि घनी आबादी वाले क्षेत्र में शराब दुकान खुलने से सामाजिक माहौल खराब होगा और महिलाओं की सुरक्षा पर खतरा बढ़ेगा। धार्मिक आयोजन कर जताया विरोध, सड़क पर लगा जाम बड़ी संख्या में एकत्रित महिलाओं ने शराब दुकान के सामने बैठकर भजन और सुंदरकांड का पाठ किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि यह क्षेत्र धार्मिक और रिहायशी है, यहां दुकान खुलने से असामाजिक गतिविधियां बढ़ेंगी। प्रदर्शन के कारण बाईपास रोड पर काफी देर तक जाम की स्थिति बनी रही, जिसे नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल तैनात करना पड़ा। आबकारी विभाग का तर्क: 100 फीट के दायरे में नहीं है स्कूल-मंदिर विवाद के बीच आबकारी विभाग ने बताया कि दुकान का स्थान शासन के निर्धारित नियमों के अनुसार ही चुना गया है। आबकारी अधिकारी के मुताबिक, दुकान के 100 फीट के दायरे में कोई स्कूल या बड़ा मंदिर मौजूद नहीं है, इसलिए इसे अवैध नहीं माना जा सकता। विभाग ने नियमों का हवाला देते हुए दुकान को यथावत रखने की बात कही है। प्रशासन से दुकान स्थानांतरित करने की मांग स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि कागजी नियमों के बजाय जनभावनाओं और बच्चों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए दुकान को यहां से हटाया जाए। रहवासियों ने चेतावनी दी है कि जब तक शराब दुकान किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित नहीं की जाती, उनका धरना और विरोध प्रदर्शन निरंतर जारी रहेगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *