सीआईडी क्राइम ब्रांच की टीम ने ‘ऑपरेशन दानव’ चला 10 हजार रुपए के इनामी बदमाश को पकड़ा है। वह यूपी-उत्तराखंड से दिल्ली-जयपुर में ठिकाने बदल-बदलकर फरारी काट रहा था। सीआईडी टीम ने करीब 500 KM पीछा कर इनामी बदमाश को धर-दबोचा। सीआईडी टीम ने पूछताछ के बाद अलवर कोतवाली पुलिस के हवाले आरोपी को सौंप दिया। एडीजी (क्राइम) बिपिन कुमार पाण्डेय ने बताया- इनामी बदमाश अभयराज उर्फ दानव निवासी दहमी बहरोड को पकड़ा गया है। उसका आपराधिक रिकॉर्ड बेहद संगीन और काफी पुराना है। साल-2019 में अलवर शहर के कोतवाली और अरावली विहार थाने में इसके विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत अवैध हथियार रखने और गंभीर मारपीट के अलग-अलग प्रकरण दर्ज हुए थे। इसके बाद साल-2020 में झुंझुनू जिले के खेतड़ी थाना क्षेत्र में लीज विवाद को लेकर हुए भयंकर पथराव और अंधाधुंध फायरिंग में 30 वर्षीय युवक की हत्या करने का भी यह मुख्य आरोपी रहा है।
10 हजार का रखा इनाम
30 अगस्त-2023 की रात करीब 10:30 बजे परिवादी हरनेक सिंह उर्फ पप्पी और उसका चचेरा भाई प्रदीप सिंह उर्फ मांगली बाइक से नंगली सर्किल से त्रिपोलिया मंदिर की तरफ जा रहे थे। रास्ते में पुरानी रंजिश को लेकर आरोपी अभयराज और उसके साथी अप्पू राजा ने अपनी बाइक से टक्कर मारकर उन्हें गिराने का प्रयास किया। जान बचाने के लिए जब प्रदीप सिंह पुरुषार्थी धर्मशाला की तरफ भागा, तो वहां पहले से ही हथियारों से लैस प्रवीण गुर्जर, केतन मीणा, अनुराग मीणा, राज यादव और अन्य बदमाशों ने उसे घेर लिया। जान से मारने की नियत से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस दौरान पीछे से आए मुख्य आरोपी अभयराज ने तलवार से प्रदीप के सिर पर सीधा वार किया, जिसे हाथ से रोकने पर पीड़ित के हाथ में गंभीर फ्रैक्चर और गहरी चोटें आईं। मरा हुआ समझकर हमलावर मौके से फरार हो गए थे, जिसके बाद उसे गंभीर हालत में सोलंकी हॉस्पिटल अलवर में भर्ती कराया गया था। अलवर एसपी की ओर से 10 हजार रुपए का कैश इनाम रखा गया था। राजापार्क में था छिपा
सीआईडी टीम ने पिछले ढाई साल से फरार इनामी बदमाश अभयराज उर्फ दानव की तलाश के लिए ‘ऑपरेशन दानव’ चलाया। करीब पिछले 1 महीने से आरोपी दानव की तलाश में सीआईडी टीम ने यूपी-उत्तराखंड से लेकर दिल्ली-जयपुर में उसके फरारी के दौरान छिपने के ठिकानों पर दबिश दी। सीआईडी टीम ने मुखबिर की सूचना पर जयपुर के राजपार्क इलाके में घेराबंदी कर इनामी बदमाश अभयराज उर्फ दानव को धर-दबोचा।


