गंगा दशहरा मेले में श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष मेला स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। उत्तर रेलवे मुरादाबाद मंडल ने हरिद्वार और लखनऊ के बीच अनारक्षित मेला स्पेशल ट्रेन चलाने की घोषणा की है। यह ट्रेन हरदोई और बालामऊ स्टेशनों पर भी रुकेगी, जिससे इन जिलों के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। रेल प्रशासन के अनुसार, गाड़ी संख्या 04302 हरिद्वार से लखनऊ के लिए 25 और 26 मई को संचालित की जाएगी। वहीं, गाड़ी संख्या 04301 लखनऊ से हरिद्वार के लिए 26 और 27 मई को चलाई जाएगी। इन ट्रेनों का मुख्य उद्देश्य गंगा दशहरा मेले में जाने वाले श्रद्धालुओं को अतिरिक्त यात्रा सुविधा प्रदान करना और नियमित ट्रेनों पर दबाव कम करना है। जारी समय सारणी के अनुसार, हरिद्वार से चलने वाली मेला स्पेशल ट्रेन रात 1 बजकर 52 मिनट पर हरदोई स्टेशन पहुंचेगी और 1 बजकर 54 मिनट पर रवाना होगी। इसके बाद यह ट्रेन रात 2 बजकर 18 मिनट पर बालामऊ स्टेशन पहुंचेगी और 2 बजकर 20 मिनट पर आगे के लिए प्रस्थान करेगी। वापसी दिशा में, लखनऊ से हरिद्वार जाने वाली ट्रेन सुबह 6 बजकर 35 मिनट पर बालामऊ पहुंचेगी और 6 बजकर 37 मिनट पर रवाना होगी। इसके बाद यह ट्रेन सुबह 7 बजकर 2 मिनट पर हरदोई स्टेशन पहुंचेगी तथा 7 बजकर 4 मिनट पर आगे के लिए प्रस्थान करेगी। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि गंगा दशहरा और अन्य धार्मिक आयोजनों के दौरान हरिद्वार जाने वाले यात्रियों की संख्या में काफी वृद्धि होती है। इसी को ध्यान में रखते हुए यह विशेष व्यवस्था की गई है। अनारक्षित मेला स्पेशल ट्रेन चलने से सामान्य यात्रियों के साथ-साथ श्रद्धालुओं को भी राहत मिलेगी। रेल प्रशासन ने यात्रियों से समय का ध्यान रखते हुए स्टेशन पर पहले पहुंचने की अपील की है। सुरक्षा और सुविधा को देखते हुए रेलवे स्टेशनों पर अतिरिक्त निगरानी और व्यवस्थाएं भी की जा रही हैं, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।


