मैनपुरी में राजस्व विभाग पर भ्रष्टाचार और दबंगई के गंभीर आरोप लगे हैं। दन्नाहार क्षेत्र के हलपुरा गांव में एक किसान ने दावा किया है कि गलत पैमाइश कर उसके निजी खेत में जबरन नाला खुदवाया गया, जिससे मक्के की खड़ी फसल बर्बाद हो गई। किसान ने जिलाधिकारी से निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। हलपुरा निवासी किसान सुघर सिंह पाल ने जिलाधिकारी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उनकी मालिकाना भूमि गाटा संख्या 2012 और 2014 में राजस्व अभिलेखों या सरकारी नक्शे में कोई नाला दर्ज नहीं है। इसके बावजूद, गांव के प्रधान की सहमति से लेखपाल धीरज शर्मा, अंकुर वैश्य और नायब तहसीलदार ने कथित तौर पर गलत पैमाइश कर खेत के बीच नाला खुदवा दिया। किसान का आरोप है कि अधिकारियों ने बिना उचित जांच और नियमों का पालन किए जेसीबी से खेत की खुदाई कराई। इस कार्रवाई से खेत में खड़ी मक्के की पूरी फसल नष्ट हो गई, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। पीड़ित किसान ने इसे दुर्भावनापूर्ण कार्रवाई बताते हुए इसमें भ्रष्टाचार की भी आशंका जताई है। सुघर सिंह पाल ने जिलाधिकारी से मामले की जांच किसी निष्पक्ष अधिकारी से कराने की मांग की है। उन्होंने अवैध रूप से बनाए गए नाले को बंद कराने और फसल बर्बाद होने से हुए नुकसान का मुआवजा दिलाने की भी अपील की है। किसान ने गलत पैमाइश करने वाले राजस्व अधिकारियों और संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की भी मांग की है।


