ज्येष्ठ के तीसरे मंगलवार पर सीतापुर में आस्था का सैलाब:शहर से गांव तक भंडारे का आयोजन, पुलिसकर्मियों ने भी श्रद्धालुओं को बांटा प्रसाद

सीतापुर में ज्येष्ठ माह के तीसरे बड़े मंगलवार पर जिलेभर में आस्था और भक्ति का माहौल देखने को मिला। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक स्थित हनुमान मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। भक्तों ने बजरंगबली के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और सुख-समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर जगह-जगह विशाल भंडारों का आयोजन किया गया, जहां पूरे दिन श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। मंगलवार सुबह से ही मंदिरों में पूजा-पाठ और हनुमान चालीसा के पाठ का सिलसिला शुरू हो गया था। कई मंदिरों में सुंदरकांड और भजन-कीर्तन का भी आयोजन किया गया। मंदिरों को आकर्षक फूलों और विद्युत सजावट से सजाया गया था, जिससे धार्मिक वातावरण और अधिक भक्तिमय हो उठा। शहर के प्रमुख हनुमान मंदिरों के साथ-साथ कस्बों और गांवों में भी श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। भंडारों में श्रद्धालुओं को पूड़ी-सब्जी, बूंदी का प्रसाद और शरबत वितरित किया गया। तेज गर्मी के बीच शरबत वितरण केंद्रों पर लोगों की भीड़ लगी रही। सामाजिक संगठनों, व्यापारियों और स्थानीय युवाओं ने भंडारे के आयोजन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कई स्थानों पर राहगीरों और जरूरतमंदों को भी प्रसाद वितरित किया गया। इस दौरान कई थाना क्षेत्रों में भी पुलिसकर्मियों ने भंडारे का आयोजन किया। भक्तों का कहना था कि बड़े मंगलवार का विशेष धार्मिक महत्व होता है और इस दिन हनुमान जी की पूजा करने से संकट दूर होते हैं। पूरे दिन जिले में धार्मिक आयोजनों और भंडारों का सिलसिला चलता रहा। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए मंदिरों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस बल भी तैनात रहा। देखें भंडारा कार्यक्रम की फोटो..

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *