Noida Dowry Case: नोएडा दहेज मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट से दहला दिल, तिल्ली फटी और हड्डी तक गहरे जख्म, प्रताड़ना से तंग आकर दीपिका ने दी थी जान

Noida Dowry Case: नोएडा दहेज मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट से दहला दिल, तिल्ली फटी और हड्डी तक गहरे जख्म, प्रताड़ना से तंग आकर दीपिका ने दी थी जान

Deepika nagar postmortem report: ग्रेटर नोएडा के जल्पुरा गांव में हुए कथित दहेज हत्या के मामले में एक बड़ा और चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पीड़िता 24 वर्षीय दीपिका नागर की पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आ गई है, जिसमें उसके शरीर पर क्रूरता और गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, दीपिका को मौत से पहले शारीरिक रूप से काफी प्रताड़ित किया गया था, जिसके चलते उसके शरीर के अंदरूनी और बाहरी हिस्सों में गंभीर घाव हो गए थे। पुलिस का कहना है कि लगातार मिल रही प्रताड़ना से तंग आकर ही दीपिका ने छत से कूदकर अपनी जान दे दी थी।

अंदरूनी अंगों में आई गंभीर चोटें

दो डॉक्टरों ने पैनल के जरिए से की गई दीपिका की पोस्टमार्टम प्रक्रिया की पूरी वीडियोग्राफी भी कराई गई थी। रिपोर्ट के अनुसार, दीपिका के शरीर पर मिले घाव इस बात की गवाही दे रहे हैं कि उसे बेरहमी से पीटा गया था। उसके बाएं घुटने पर एक ऐसा घाव मिला है जो इतना गहरा था कि हड्डी तक दिखाई दे रही थी। इसके अलावा, उसके सिर के अंदर खून का थक्का जमा हुआ पाया गया और शरीर का एक मुख्य अंदरूनी अंग तिल्ली Spleen भी फटा हुआ था। डॉक्टरों के मुताबिक, बाएं कान से खून का बहना और अंदरूनी अंगों का फटना किसी भारी आघात या गंभीर मारपीट की ओर इशारा करता है।

शरीर पर सूजन और खरोंच के निशान

रिपोर्ट में दीपिका के शरीर के बाहरी हिस्सों पर भी कई गंभीर चोटों का जिक्र है। उसके चेहरे के दाहिने तरफ, दोनों कोहनियों, कलाई और दाहिनी जांघ पर बड़ी सूजन और खरोंच के निशान पाए गए हैं। इसके साथ ही, उसकी छाती और पेट के बाईं तरफ गहरे दबाव के निशान मिले हैं, जिससे साफ होता है कि उसके साथ काफी जोर-जबरदस्ती और मारपीट की गई थी। मौत की असल वजहों और किसी जहरीले पदार्थ की जांच के लिए डॉक्टरों ने उसके विसरा के नमूने सुरक्षित रख लिए हैं।

14 महीने पहले हुई थी शादी

गौरतलब है कि दीपिका की शादी महज 14 महीने पहले जल्पुरा गांव के रहने वाले ऋतिक से हुई थी। शादी के समय दहेज के रूप में एक करोड़ रुपये नकद और एक फॉर्च्यूनर गाड़ी तय की गई थी। इसके बावजूद, ससुराल वाले और ज्यादा दहेज की मांग को लेकर दीपिका को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे।

इसी प्रताड़ना से तंग आकर दीपिका ने 17 मई की रात को छत से कूदकर आत्मघाती कदम उठा लिया। ग्रेटर नोएडा इकोटेक-3 थाना पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए मृतका के पिता की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी पति ऋतिक और उसके ससुर मनोज को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *