बेरोजगारों की जेब पर डाका! वाराणसी पुलिस ने 6 को पकड़ा, झांसे में आए सैकड़ों युवा

बेरोजगारों की जेब पर डाका! वाराणसी पुलिस ने 6 को पकड़ा, झांसे में आए सैकड़ों युवा

वाराणसी: सारनाथ पुलिस ने बेरोजगार युवाओं को नौकरी दिलाने के नाम पर उनसे ठगी किए जाने के एक बड़े गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में 6 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू किया है। बताया जा रहा है कि आरोपी कई दिनों से सारनाथ थाना क्षेत्र के नई बाजार इलाके में फर्जी तरीके से युवाओं को नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपए की ठगी करते थे।

कॉल सेंटर का संचालक बनाकर करते थे ठगी

एसीपी सारनाथ विद्युत सक्सेना के नेतृत्व में सारनाथ पुलिस ने नई बाजार इलाके में छापेमारी कर युवाओं के साथ ठगी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया गया है। बताया जा रहा है कि मंगलवार को मुखबिर द्वारा सूचना मिलने के बाद सारनाथ पुलिस टीम मौके पर पहुंची और वहां से 6 लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी युवाओं को बरगलाकर उनसे पैसे ऐठ लिया करते थे। आरोपी खुद को कॉल सेंटर का संचालक बताते थे और इसी का झांसा देकर युवाओं को नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी किया करते थे।

सोशल मीडिया पर ऐड डालकर करते थे युवाओं से संपर्क

पुलिस ने बताया कि सूचना मिली थी कि आरोपी कॉल सेंटर संचालित करते हैं, लेकिन मौके पर कॉल सेंटर के संचालन से संबंधित किसी भी तरह के दस्तावेज या प्रमाण नहीं मिले। इससे यह साफ है कि युवाओं के साथ यह गिरोह ठगी किया करता था। पुलिस ने बताया कि गिरोह के सदस्य सोशल मीडिया पर ऐड डालते थे और फोन कॉल के जरिए युवाओं से संपर्क साधा करते थे। पुलिस ने बताया कि आरोपी वाराणसी और देश की विभिन्न कंपनियों में उनके संपर्क होने की बात किया करते थे और युवाओं को झांसे में लेकर उनसे ठगी करते थे।

सिक्योरिटी डिपॉजिट के नाम पर वसूली

पुलिस ने बताया कि नौकरी का भरोसा देकर युवाओं से रजिस्ट्रेशन कराया जाता था और उनकी ट्रेनिंग भी होती थी। यही नहीं, सिक्योरिटी डिपॉजिट के नाम पर भी युवाओं से रकम वसूली जाती थी। अब तक सैकड़ों युवक और युवतियां इस गिरोह के झांसे में आ चुके हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपियों का नेटवर्क कई दिनों से सक्रिय था। इसके साथ ही आरोपियों के खिलाफ पुलिस को शिकायत भी मिली थी।

पुलिस ने सभी दस्तावेज किया जब्त

पुलिस ने इस मामले में पकड़े गए 6 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। इसके साथ ही सभी के मोबाइल फोन, दफ्तर से दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। पुलिस ने बताया कि पकड़े गए लोगों से पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि इस गिरोह में और कितने लोग शामिल हैं। इसके साथ ही जिन लोगों के साथ ठगी हुई है उनके बारे में भी जानकारी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *