Extramarital Affair Crime बिहार के नवगछिया में स्टेशन रोड नयाटोला के पास मिले युवक के अज्ञात शव मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक महिला को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार महिला काजल मृतक की प्रेमिका बताई जा रही है। महिला ने पुलिस के सामने स्वीकार किया है कि उसने अपने पति और उसके एक मित्र के साथ मिलकर युवक की हत्या की थी। पुलिस दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। पुलिस के अनुसार यह घटना 15 मई 2026 की है।
प्रेम संबंध में युवक की हत्या का खुलासा
नवगछिया पुलिस ने जब मामले की जांच शुरू की तो पता चला कि स्टेशन रोड नयाटोला के पास मिला युवक का शव झंडापुर थाना क्षेत्र के सहोड़ी निवासी नवीन कुमार सिंह का है। मृतक की पत्नी के आवेदन पर नवगछिया थाना में एफआईआर दर्ज की गई। नवीन की पत्नी ने पुलिस को बताया कि उसके पति का काजल नाम की एक महिला से अवैध संबंध था। इस सूचना के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की, तो कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए।
ऐसे खुला राज
पत्नी की ओर से दर्ज एफआईआर के आधार पर नवगछिया एसपी राजेश कुमार ने मामले की जांच के लिए एक विशेष टीम गठित की। टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी जांच और मानवीय सूचना के आधार पर मिल्की निवासी काजल कुमारी को गिरफ्तार किया।
पुलिस पूछताछ में काजल ने अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए बताया कि नवीन कुमार सिंह से उसका लंबे समय से अवैध संबंध था। उसने कहा कि वह नवीन से सिर्फ पैसों के लिए जुड़ी हुई थी। इसी बीच उसके पति के जेल से छूटने पर उसे पूरे मामले की जानकारी मिल गई, जिससे वह नाराज हो गया और उसकी पिटाई की। इसके बाद उसके पति ने अपने भाई के साथ मिलकर नवीन कुमार सिंह की हत्या की साजिश रची।
योजना के तहत काजल ने नवीन को फोन कर घर से बाहर बुलाया, जहां पहले से मौजूद उसके पति और भाई ने उसके सिर में गोली मार दी। हत्या के बाद आरोपियों ने शव को दूसरी जगह ले जाकर फेंक दिया।
कॉल डिटेल से खुला हत्या का राज
पुलिस के अनुसार, हत्या वाली रात करीब 1 बजे से 1:30 बजे तक काजल लगातार नवीन से फोन पर संपर्क में थी। इस दौरान वह एक साथ दो मोबाइल फोन पर बातचीत कर रही थी। सीसीटीवी फुटेज में उसी समय एक बाइक पर दो संदिग्ध घूमते दिखाई दिए, जिनकी पहचान काजल के पति ब्रजेश कुमार और देवर नीतीश कुमार के रूप में हुई। इसके अलावा एक संदिग्ध स्कॉर्पियो वाहन भी नजर आया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल और स्कॉर्पियो को बरामद कर लिया है।


