साइबर ठगी का मास्टर माइंड गिरफ्तार:22 एंड्रॉइड फोन, एक लैपटॉप, वाई-फाई सिस्टम, 13 एटीएम कार्ड, 8 सिम कार्ड बरामद

साइबर ठगी का मास्टर माइंड गिरफ्तार:22 एंड्रॉइड फोन, एक लैपटॉप, वाई-फाई सिस्टम, 13 एटीएम कार्ड, 8 सिम कार्ड बरामद

सवाई माधोपुर पुलिस ने साइबर ठगी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मकान में दबिश देकर साइबर ठगी के मास्टरमाइंड बुद्धिप्रकाश मीणा को गिरफ्तार किया है। आरोपी को विज्ञान नगर पावर हाउस के पास स्थित किराये के कमरे से पकड़ा गया। पुलिस ने मौके से साइबर फ्रॉड में उपयोग किए जा रहे 22 एंड्रॉइड मोबाइल फोन, एचपी कंपनी का एक लैपटॉप, एयरटेल कंपनी का वाई-फाई सिस्टम, 13 एटीएम कार्ड, 8 सिम कार्ड, 2 चेक बुक, 2 बैंक पासबुक सहित अन्य सामान जब्त किया है। लोकेशन ट्रेस नहीं हो इसके लिए वाईफ-फाई का करता था उपयोग SP ज्येष्ठा मैत्रेयी ने बताया कि ASP विजय सिंह मीणा व सीओ सिटी उदय सिंह मीणा के सुपरविजन में कोतवाली थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की। थानाधिकारी मदनलाल मीणा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने साइबर शाखा से प्राप्त सूचना के आधार पर दबिश देकर इस कार्रवाई को अंजाम दिया। जांच में सामने आया कि आरोपी एवीएटर गेम में नुकसान झेल चुके लोगों को “लॉस रिकवर” कराने का झांसा देकर ठगी करता था। आरोपी ऑटो क्लिकर की मदद से 22 मोबाइल फोन से एक साथ हजारों मैसेज भेजकर लोगों को जाल में फंसाता था। आरोपी ने मोबाइल में सिम कार्ड का उपयोग नहीं किया, बल्कि वाई-फाई के जरिए सभी डिवाइस संचालित करता था ताकि उसकी लोकेशन ट्रेस नहीं हो सके। चैनल बनाकर लोगों को रुपये डबल करने का लालच देता था पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी टेलीग्राम और अन्य एप्लीकेशन पर बिटकॉइन, शेयर मार्केट, ट्रेडिंग और सट्टा संबंधी चैनल बनाकर लोगों को रुपये डबल करने का लालच देता था। इसके बाद वह ऑनलाइन पेमेंट एप्लीकेशन के जरिए एडवांस राशि प्राप्त कर साइबर ठगी को अंजाम देता था। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर साइबर ठगी के नेटवर्क और अन्य साथियों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *