राजधानी जयपुर में आईपीएल क्रिकेट मैचों पर ऑनलाइन सट्टेबाजी करते सीएसटी ने थाना सांगानेर सदर और मुरलीपुरा क्षेत्र से कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी रविवार को राजस्थान रॉयल्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेले जा रहे आईपीएल टी-20 मैच पर ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे थे। स्पेशल पुलिस कमिश्नर ओम प्रकाश ने बताया कि पुलिस ने दोनों ठिकानों से कुल 20 मोबाइल, 1 एलईडी, 4 सट्टा हिसाब की कॉपियां (रजिस्टर), कैलकुलेटर, जियो फाइबर सेटअप बॉक्स, चार्जर सहित सट्टेबाजी में उपयोग होने वाले उपकरण जब्त किए हैं। इसके अलावा 2 लग्जरी वाहन और 1 मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है। आरोपियों के कब्जे से 1 लाख 27 हजार रुपए की नकद सट्टा राशि भी मिली है।
सांगानेर सदर में दुकान के ऊपर कमरे से चल रहा था नेटवर्क पहली कार्रवाई थाना सांगानेर सदर इलाके में की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि जेडीए कॉलोनी, गोविंदपुरा सांगानेर स्थित दुकान नंबर 41 के ऊपर बने कमरे में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी का अवैध कारोबार संचालित किया जा रहा है। पुलिस ने दबिश देकर 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया। जांच में सामने आया कि आरोपी राजस्थान रॉयल्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेले जा रहे आईपीएल मैच पर अलग-अलग बुकियों और सट्टा संचालकों उत्तम सैनी, निरंजन शर्मा और भगवान शर्मा से लाइन लेकर जूम एप के जरिए लोगों से ऑनलाइन सट्टा लगवा रहे थे। आरोपी पुलिस की नजरों से बचने के लिए दुकान के ऊपर बने कमरे से पूरा नेटवर्क संचालित कर रहे थे। गिरफ्तार आरोपियों में धर्म सिंह चौधरी (29), रोशन चौधरी (27), हरि गुर्जर (28), महेंद्र चौधरी (25), अजीत चौधरी (21), गिर्राज चौधरी (30) और सूर्यप्रकाश चौधरी उर्फ सूरज चौधरी (31) शामिल हैं। आरोपियों से सट्टे के दौरान रखी शराब की बोतले भी मिली है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना सांगानेर सदर में मामला दर्ज किया है। मुरलीपुरा में मकान से संचालित हो रहा था ऑनलाइन सट्टा दूसरी कार्रवाई थाना मुरलीपुरा इलाके में विजयबाड़ी पथ नंबर-6 स्थित मकान नंबर 366 में की गई। यहां से पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी आईपीएल मैच पर सट्टा लगाने के लिए सौरभ और अभिषेक नामक बुकियों से लाइन लेकर जूम एप के माध्यम से ऑनलाइन सट्टेबाजी करवा रहे थे। आरोपी पुलिस से बचने के लिए निजी मकान से नेटवर्क चला रहे थे। गिरफ्तार आरोपियों में योगेश जैन उर्फ पिल्लू (31) और संजय जैन (50) शामिल हैं। पुलिस ने मौके से 5 मोबाइल, चार्जर, एलईडी, जियो फाइबर सेटअप बॉक्स, रिमोट, सट्टा हिसाब की कॉपी और पेन बरामद किए हैं। इस मामले में थाना मुरलीपुरा में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और नेटवर्क से जुड़े अन्य बुकियों व सहयोगियों की तलाश जारी है।


