ऑर्केस्ट्रा की आड़ में देह व्यापार का भंडाफोड़, नाबालिग डांसर की प्रेगनेंसी से उठे सवाल

ऑर्केस्ट्रा की आड़ में देह व्यापार का भंडाफोड़, नाबालिग डांसर की प्रेगनेंसी से उठे सवाल

Bettiah Orchestra Racket: बिहार के बेतिया जिले से मानव तस्करी और नाबालिगों के शोषण से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है, जिसने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। योगापट्टी प्रखंड के शनिचरी थाना क्षेत्र स्थित बहुअरवा गांव में ऑर्केस्ट्रा की आड़ में चल रहे कथित अवैध नेटवर्क का पुलिस और प्रशासनिक टीम ने भंडाफोड़ किया है।

6 नाबालिग लड़कियों को किया रेस्क्यू

जिला प्रशासन, एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) और चाइल्ड हेल्पलाइन की संयुक्त कार्रवाई में छह नाबालिग लड़कियों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया, जबकि इस मामले में ऑर्केस्ट्रा संचालक रामबाबू गुप्ता सहित लगभग आधा दर्जन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

गोपनीय सूचना के आधार पर हुई कार्रवाई

इस पूरे मामले की शुरुआत एक गोपनीय सूचना से हुई, जिसे पटना स्थित मुक्ति फाउंडेशन द्वारा चाइल्ड हेल्पलाइन तक पहुंचाया गया था। सूचना मिलने के बाद प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए एक विशेष जांच टीम का गठन किया।

छापेमारी में कौन-कौन शामिल?

इस टीम में प्रयास जैक संस्थान के डीसी पवन कुमार, सपोर्ट पर्सन शालिनी कुमारी, ग्राम नियोजन केंद्र नरकटियागंज के अरविंद कुमार पांडे सहित कई अन्य सामाजिक कार्यकर्ता और अधिकारी शामिल थे। टीम ने स्थानीय पुलिस और AHTU के सहयोग से बहुअरवा गांव में छापेमारी कर लड़कियों को सुरक्षित बाहर निकाला।

रोजगार के नाम पर फंसाकर किया शोषण

रेस्क्यू की गई लड़कियों में पांच पश्चिम बंगाल और एक बिहार के सीतामढ़ी जिले की रहने वाली बताई जा रही हैं। प्रारंभिक पूछताछ में पीड़िताओं ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उनके अनुसार, उन्हें नौकरी और बेहतर रोजगार का झांसा देकर बुलाया गया था, लेकिन बाद में उन्हें कथित तौर पर गलत गतिविधियों में धकेल दिया गया।

गर्भवती मिली एक नाबालिग लड़की

रेस्क्यू अभियान के दौरान टीम को एक नाबालिग लड़की गर्भवती अवस्था में मिली, जिससे मामले की गंभीरता और अधिक बढ़ गई है। सामाजिक कार्यकर्ताओं ने इसे बेहद चिंताजनक और संवेदनशील स्थिति बताया है।

पुलिस जांच जारी

फिलहाल सभी रेस्क्यू की गई लड़कियों को प्रशासनिक संरक्षण में रखा गया है, जहां उनकी काउंसलिंग की जा रही है। वहीं, पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश में जुटी है कि इस मानव तस्करी नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। इस कार्रवाई के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और प्रशासन ने मामले को बेहद गंभीरता से लेते हुए जांच को तेज कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *