केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी की समधन ज्योति देवी से धक्का-मुक्की, 20 के खिलाफ एफआईआर

केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी की समधन ज्योति देवी से धक्का-मुक्की, 20 के खिलाफ एफआईआर

केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी की समधन और बिहार के गया जिला के बाराचट्टी विधायक ज्योति देवी के काफिले को स्थानीय लोगों ने रोककर काफी देर तक हंगामा किया। पुलिस के अनुसार, विवाद वाहन को साइड देने को लेकर शुरू हुआ था। वहीं, स्थानीय लोगों का आरोप है कि विधायक के सुरक्षा गार्ड और विरोध कर रहे लोगों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई।

काफी देर तक सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे लोगों को हटाकर स्थिति को नियंत्रित किया। मामले में 20 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। घटना गया जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र स्थित गंभीरा गांव के पास की बताई जा रही है।

विधायक ज्योति देवी से धक्का-मुक्की

सूत्रों के अनुसार, विधायक ज्योति देवी बुमुआर पंचायत के गंभीरा गांव में आदर्शी समाज द्वारा आयोजित एक सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रही थीं। इसी दौरान सड़क पर खड़ी एक गाड़ी की वजह से उनका काफिला रुक गया। वाहन हटाने को लेकर सुरक्षा कर्मियों और वहां मौजूद लोगों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।

देखते ही देखते विवाद ने उग्र रूप ले लिया। स्थानीय लोगों के अनुसार, कुछ लोग आक्रोशित हो गए और विधायक व उनके अंगरक्षकों के साथ धक्का-मुक्की करने लगे। विधायक की ओर से थाने में दिए गए आवेदन में आरोप लगाया गया है कि हंगामा कर रहे लोगों ने उनके साथ अभद्र व्यवहार, गाली-गलौज और धक्का-मुक्की की। घटना के दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *