Rajasthan: फिर शर्मनाक घटना, बीच सड़क महिला के साथ अश्लील हरकत, सीसीटीवी में कैद हुई करतूत

Rajasthan: फिर शर्मनाक घटना, बीच सड़क महिला के साथ अश्लील हरकत, सीसीटीवी में कैद हुई करतूत

हनुमानगढ़। जिले के रावतसर से महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ाने वाली एक शर्मनाक घटना सामने आई है। शहर की सड़क पर बच्चे के साथ जा रही एक महिला के साथ सरेआम छेड़छाड़ की गई और आरोपी वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गया। हैरानी की बात यह रही कि पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई और अब इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद शहर में आक्रोश का माहौल है और लोग आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

जानकारी के अनुसार यह घटना शनिवार शाम की बताई जा रही है। वायरल वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि एक महिला सड़क पर एक बच्चे के साथ जा रही है। इसी दौरान पीछे से बाइक पर सवार होकर एक युवक वहां पहुंचता है। कुछ ही सेकंड में युवक महिला के करीब आता है और उसके साथ छेड़छाड़ की घटना को अंजाम देकर तेजी से मौके से फरार हो जाता है। पूरी वारदात इतनी अचानक हुई कि महिला को संभलने तक का मौका नहीं मिला।

लोगों में आक्रोश

घटना के बाद वहां मौजूद लोगों और आसपास के क्षेत्र में इस मामले को लेकर चर्चा शुरू हो गई। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने इस घटना पर कड़ी नाराजगी जताई है। आमजन का कहना है कि शहर में खुलेआम इस तरह की घटनाएं होना बेहद चिंताजनक है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से आरोपी की जल्द गिरफ्तारी कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस की कई टीमें सक्रिय

वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस भी हरकत में आ गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की कई टीमें आरोपी की तलाश में जुट गई हैं। शहर के विभिन्न इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपी की पहचान की जा सके और उसके आने-जाने के रास्तों का पता लगाया जा सके।

पुलिस युवक की पहचान में जुटी

थानाधिकारी ईश्वरानंद शर्मा ने बताया कि वायरल वीडियो की जांच की जा रही है और आरोपी युवक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी की पहचान होते ही उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। हालांकि इस मामले में अब तक पुलिस थाने में कोई औपचारिक मामला दर्ज नहीं कराया गया है, लेकिन वायरल वीडियो के आधार पर जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *