सुरेंद्रनगर में खनन माफिया पर बड़ी कार्रवाई, 42 को पकड़ा

सुरेंद्रनगर में खनन माफिया पर बड़ी कार्रवाई, 42 को पकड़ा

अहमदाबाद. सुरेंद्रनगर में खनन विभाग और प्रांत अधिकारियों की कार्यालयों के बाहर रेकी कर खनन माफियाओं को सूचना देने वाले बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ है। सुरेंद्रनगर पुलिस ने 42 लोगों को गिरफ्तार कर 70 से अधिक मोबाइल फोन जब्त किए हैं।
जानकारी के अनुसार, सुरेंद्रनगर जिले में अवैध खनन और खनिज चोरी करने वालों के खिलाफ सुरेंद्रनगर प्रशासन द्वारा अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की गई है। सुरेंद्रनगर जिले में खनिज चोरी को अंजाम देने के लिए माफियाओं ने सरकारी प्रशासन और अधिकारियों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए जो मुखबिरों का नेटवर्क खड़ा किया था, उसे सुरेंद्रनगर पुलिस ने शनिवार रात को ऑपरेशन चलाकर पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।

अधिकारियों की गाड़ियों पर रखते थे नजर : रेकी का खुलासा

सुरेंद्रनगर जिले में यह पहली बार है जब खनन माफियाओं को प्रशासन की टीम की गुप्त जानकारी देने वालों पर सीधे कार्रवाई की गई। सुरेंद्रनगर पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी सुरेंद्रनगर पुलिस स्टेशन, खनन विभाग के कार्यालय और चोटीला प्रांत अधिकारी कार्यालय के बाहर दिन-रात निगरानी रखते थे। जैसे ही कोई अधिकारी खनिज चोरी पर छापा मारने के लिए कार्यालय से निकलता, ये लोग तुरंत खनन माफियाओं को फोन कर अग्रिम सूचना दे देते थे, जिससे माफिया मौके से फरार हो जाते थे।

आधी रात चला ऑपरेशन, खनन माफियाओं में मचा हड़कंप

शनिवार रात से ही सुरेंद्रनगर पुलिस और प्रशासन ने संयुक्त रूप से यह गुप्त ऑपरेशन शुरू किया। आधी रात को अलग-अलग कार्यालयों और संवेदनशील स्थानों पर छापा मारकर रेकी कर रहे 42 लोगों को रंगे हाथों पकड़ लिया गया। इस कार्रवाई से अवैध खनन करने वाले माफियाओं में भारी हड़कंप मच गया।

70 से अधिक मोबाइल जब्त

सुरेंद्रनगर पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों से अपराध में इस्तेमाल किए जा रहे 70 से अधिक एंड्रॉयड और कीपैड मोबाइल फोन जब्त किए। इन मोबाइलों के कॉल डिटेल्स और व्हाट्सऐप चैट्स के आधार पर खनन माफियाओं के मुख्य सरगनाओं तक पहुंचने की कार्रवाई की जा रही है। सुरेंद्रनगर पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने समेत गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *