मुजफ्फरनगर को ‘स्मार्ट सिटी’ के रूप में विकसित करने की दिशा में प्रदेश सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रदेश के स्वतंत्र प्रभार मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने शहर के विकास का ब्लूप्रिंट तैयार करने के लिए सभी प्रमुख विभागों की एक बैठक बुलाई है। यह महत्वपूर्ण समन्वय एवं समीक्षा बैठक कल सोमवार, 18 मई को विकास भवन में आयोजित की जाएगी। इसमें नगर पालिका, मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण (MDA), जल निगम, पीडब्ल्यूडी, विद्युत विभाग और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे। मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश के शहरों को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जा रहा है। मुजफ्फरनगर को भी इसी तर्ज पर विकसित किया जाएगा, जिसमें बेहतर सड़कें, मजबूत जल निकासी, स्वच्छता, निर्बाध बिजली आपूर्ति, पेयजल और सौंदर्यीकरण जैसे मुद्दों पर तेजी से काम होगा। बैठक के लिए सभी विभागों से प्रगति रिपोर्ट मांगी गई है। विकास कार्यों में आ रही बाधाओं को चिन्हित कर उनके समाधान के निर्देश भी दिए गए हैं। मंत्री ने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और कार्य समयबद्ध योजना के तहत पूरे किए जाएंगे। इस ‘स्मार्ट सिटी मिशन’ में आम जनता की भागीदारी सुनिश्चित करने की भी तैयारी की गई है। मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने नागरिकों से अपील की है कि वे शहर की सफाई, ट्रैफिक, बिजली, जलभराव, सड़क और अन्य समस्याओं से जुड़े सुझाव व शिकायतें व्हाट्सएप नंबर 9058939358 पर साझा करें। उन्होंने कहा कि जनता से मिलने वाले सुझावों को विकास योजनाओं में शामिल किया जाएगा, ताकि मुजफ्फरनगर को वास्तव में एक आधुनिक, सुविधायुक्त और व्यवस्थित शहर बनाया जा सके।


