लिव-इन पार्टनर पर हथौड़े से हमला, महिला को मरा समझकर रेता खुद का गला

लिव-इन पार्टनर पर हथौड़े से हमला, महिला को मरा समझकर रेता खुद का गला

MP News: मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में रविवार को उस वक्त सनसनी फैल गई जब एक व्यक्ति ने अपनी लिव-इन पार्टनर पर हथौड़े से हमला कर उसका सिर फोड़ दिया। हथौड़े से हमला करने के बाद आरोपी को लगा कि महिला की मौत हो गई है तो उसने खुद का गला चाकू से रेत लिया और खुद के पेट में चाकू से कई वार कर आत्महत्या कर ली। आरोपी की मौत हो गई है जबकि महिला का घायल हालत में इलाज जारी है। घटना शहर के पिपलानी थाना क्षेत्र के सोनागिरी सी-सेक्टर की है। बताया जा रहा है कि आरोपी लिव-इन पार्टनर महिला के चरित्र पर संदेह करता था और इसी बात को लेकर अक्सर दोनों के बीच विवाद होता रहता था।

5 साल से लिव-इन में रह रहे थे

सोनागिरी सी-सेक्टर में रविवार की सुबह 11 बजे के आसपास उस वक्त सनसनी फैल गई जब वहां रहने वाले लक्ष्मण प्रसाद रिछारिया (50 वर्ष) निजी वाहन चालक था। उसकी पत्नी की 5 साल पहले मौत हो चुकी है और पत्नी की मौत के बाद से वो कल्पना भारती नाम की महिला के साथ लिव-इन में रह रहा था। लक्ष्मण ने रविवार को अपनी लिव-इन पार्टनर कल्पना भारती के सिर पर हथौड़े से हमला कर उसकी हत्या करने की कोशिश की। हथौड़े से कल्पना पर वार करने के बाद लक्ष्मण को लगा कि कल्पना मर चुकी है, इसके बाद आरोपी लक्ष्मण ने चाकू से खुद के पेट पर कई वार किए और गला रेतकर आत्महत्या कर ली। घर से चीख-पुकार की आवाजें सुनकर आस-पड़ोस में रहने वाले लोगों ने पुलिस को सूचना दी।

आरोपी की मौत, महिला घायल

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची तो आरोपी लक्ष्मण का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा था। घर में महिला कल्पना भी खून से लथपथ हालत में मिली लेकिन उसकी सांसें चल रही थीं। महिला को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उसका इलाज चल रहा है। शुरुआती जांच में घरेलू विवाद की बात सामने आ रही है। पुलिस का कहना है कि फिलहाल घटना का स्पष्ट कारण पता नहीं चल पाया है लेकिन आस-पड़ोस के लोगों से पूछताछ में पता चला है कि आरोपी लक्ष्मण कल्पना के चरित्र पर शक करता था। जिसके कारण उन दोनों के बीच अक्सर विवाद भी होता था। फिलहाल महिला कल्पना अस्पताल में भर्ती है और पुलिस उसके बयान लेने के बाद ही घटना के सही कारणों का पता चलने की बात कह रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *