Encounter with police in Unnao: उन्नाव में 16-17 मई की रात पुलिस का दो लुटेरों के साथ आमना-सामना हो गया। पुलिस को देखकर लुटेरों ने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों लुटेरों को गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उन पर नियंत्रण किया। घायलों को स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। क्षेत्राधिकारी ने घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने लुटेरों की घेरेबंदी की। पुलिस को देख लुटेरों ने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों ही लुटेरों को गोली लगी। पूछताछ में दोनों ने बताया कि 13 मई को हुई लूट की घटना में दोनों शामिल थे। गिरफ्तार दोनों लुटेरे कानपुर के रहने वाले हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मामला फतेहपुर 84 थाना क्षेत्र का है।
गोलियों की तड़तड़ाहट से इलाके में सनसनी
उत्तर प्रदेश के उन्नाव में देर रात गोलियों की तड़तड़ाहट से इलाके में सनसनी फैल गई। फतेहपुर चौरासी थाना पुलिस, स्वॉट और सर्विलांस टीम ने शनिवार-रविवार की देर रात पुलिस की लुटेरों के साथ मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
क्षेत्राधिकारी सफीपुर ने बताया…
क्षेत्राधिकारी सफीपुर सोनम सिंह ने बताया कि शनिवार की रात को पुलिस को सूचना मिली कि मिट्ठूखेड़ा रेलवे क्रॉसिंग के पास कुछ संदिग्ध व्यक्ति खड़े हैं। जो किसी घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्धों को पकड़ने का प्रयास किया। इस दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों बदमाश घायल हो गए।
इन्हें किया गया गिरफ्तार
सीओ ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम राजीव कश्यप पुत्र रामभजन निवासी महुआ नगर कोहना कानपुर नगर (हाल पता मोहल्ला गढ़ी फतेहपुर चौरासी) और गुड्डू उर्फ मुन्ना उर्फ सहराज पुत्र इस्माइल निवासी बरवा रसूलपुर थाना बरौर कानपुर देहात बताए। दोनों आरोपियों ने पुलिस पूछताछ में दोनों ने 13 मई 2026 लूट की घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की है। इस संबंध में थाना सफीपुर में मुकदमा दर्ज किया गया था।
स्थानीय पुलिस, स्वॉट और सर्विलांस टीम ने किया खुलासा
सीओ सोनम सिंह ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए स्थानीय पुलिस, स्वॉट और सर्विलांस टीम जुटी थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे 315 बोर, दो जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं। घायल बदमाशों को पहले सीएचसी फतेहपुर चौरासी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।


