गाजियाबाद के दिल्ली पब्लिक स्कूल, मेरठ रोड के विद्यार्थियों ने रोल बॉल स्टेट चैंपियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। यह प्रतियोगिता रोल बॉल स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ गाजियाबाद द्वारा मई 2026 के पहले सप्ताह में कोलंबिया कॉन्वेंट स्कूल, गाजियाबाद में आयोजित की गई थी। इसमें उत्तर प्रदेश की कुल 8 टीमों ने हिस्सा लिया। विद्यालय की कक्षा 8 की छात्रा वेदांशी भटनागर ने गाजियाबाद डिस्ट्रिक्ट अंडर-14 गर्ल्स रोल बॉल टीम का प्रतिनिधित्व किया। उनकी टीम ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार खेल दिखाते हुए फाइनल मुकाबले में आगरा डिस्ट्रिक्ट टीम को 7-2 से हराया और पहला स्थान हासिल किया। वहीं, कक्षा 7 के छात्र अयान अग्रवाल ने गाजियाबाद डिस्ट्रिक्ट अंडर-14 बॉयज़ टीम की ओर से हिस्सा लिया। उनकी टीम ने भी प्रतियोगिता में प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए तीसरा स्थान प्राप्त किया। विद्यालय की प्रधानाचार्या प्रीति वासन ने दोनों विद्यार्थियों को उनकी सफलता पर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि ऐसी उपलब्धियां अन्य छात्रों को भी खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती हैं। टीम के कोच अविनाश कुमार ने खिलाड़ियों को प्रतियोगिता के दौरान लगातार प्रशिक्षण और मार्गदर्शन प्रदान किया।


