कुशीनगर के अहिरौली थाना क्षेत्र में थाना क्षेत्र में पिता की मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। पहले बेटे पर त्रिशूल घोंपकर हत्या करने का आरोप लगाया जा रहा था, लेकिन अब परिजनों ने घटना को हादसा बताया है। परिवार के मुताबिक घटना रामपुर धुरिया माफी टोला में रात करीब 10 बजे हुई। पिता और पुत्र के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो रही थी। विवाद बढ़ने पर दोनों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई। इसी दौरान पिता असंतुलित होकर पास में स्थित देवी स्थान पर लगे त्रिशूल पर गिर पड़े। सीने में त्रिशूल लगने से हुई मौत परिजनों का कहना है कि गिरने के दौरान त्रिशूल सीने में धंस गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद परिवार के लोग उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। शुरुआती जानकारी में नई बहू से काम कराने को लेकर विवाद की बात सामने आई थी और बेटे पर पिता की हत्या का आरोप लगाया गया था। परिजनों के बदले बयान से उलझा मामला अब परिजनों के नए बयान के बाद मामला और पेचीदा हो गया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और परिवार के लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे इलाके में घटना को लेकर चर्चा का माहौल बना हुआ है।


