यमुनानगर में ट्रैक्टर के नीचे आने से दिव्यांग की मौत:पेट के ऊपर चढ़ा टायर, पशुपालन का काम करता था, पुलिस कर रही जांच

यमुनानगर में ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे आने से एक दिव्यांग युवक की दर्दनाक मौत हो गई। युवक ट्रैक्टर पर बैठकर जा रहा था। इसी दौरान वह अचानक स्लिप होकर नीचे गिर गया और ट्रैक्टर का टायर उसके ऊपर से गुजर गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग घटनास्थल पर जमा हो गए। गंभीर रूप से घायल युवक को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही कलानौर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल की मोर्चरी में पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। मृतक की पहचान 25 वर्षीय शारून पुत्र इसरार निवासी छोटा लापरा के रूप में हुई है। अस्पताल से परिजनों को मिली सूचना मृतक के चचेरे भाई आरिफ ने बताया कि शारून बचपन से टांग से दिव्यांग था और पशुपालन का काम करता था। शुक्रवार दोपहर वह घर पर ही मौजूद था। करीब डेढ़ बजे गांव का ही युवक जब्बार उसे अपने साथ ले गया था। बताया गया कि वह उसे ट्रैक्टर-ट्रॉली पर थर्मल प्लांट की राख लेने के लिए लेकर गया था। आरिफ ने बताया कि दोपहर के समय उन्हें बहरामपुर सीएचसी से एक जानकार का फोन आया, जिसमें सूचना दी गई कि शारून को घायल अवस्था में अस्पताल लाया गया है। सूचना मिलते ही परिवार के लोग अस्पताल पहुंचे, जहां उन्हें पता चला कि शारून की मौत हो चुकी है। पेट के ऊपर से गुजरा ट्रैक्टर का टायर परिजनों के अनुसार पूछताछ में पता चला कि शारून ट्रैक्टर-ट्रॉली से अचानक स्लिप होकर नीचे गिर गया था। गिरने के बाद ट्रैक्टर का टायर उसके पेट के ऊपर से गुजर गया, जिससे उसकी मौके पर ही गंभीर हालत हो गई और बाद में उसकी मौत हो गई। आरिफ ने कहा कि उसके भाई की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी गहन जांच होनी चाहिए। वहीं, कलानौर चौकी से पहुंचे जांच अधिकारी कर्मबीर ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया गया है और मामले की जांच जारी है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *