गाजियाबाद में ईंधन संकट की आशंका के मद्देनजर जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मॉंदड़ ने एक पहल की है। उन्होंने अपने सरकारी वाहन का उपयोग न कर बाइक से कलेक्ट्रेट पहुंचकर पेट्रोल-डीजल बचाने का संदेश दिया। यह कदम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की देशवासियों से ईंधन बचत की अपील के बाद उठाया गया है। जिलाधिकारी मॉंदड़ ने इस संबंध में कहा कि यह विषय देशहित से जुड़ा है और सभी नागरिकों को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। उन्होंने बताया कि उन्होंने स्वयं भी ईंधन बचाने का संकल्प लिया है, ताकि आम जनता और सरकारी कर्मचारी इससे प्रेरणा ले सकें। उन्होंने सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों को भी ईंधन बचाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने सुझाव दिया कि अनावश्यक यात्रा से बचने के लिए अधिक से अधिक ऑनलाइन मीटिंग की जाएं। इसके अतिरिक्त, अधिकारियों को कार पूलिंग और बाइक पूलिंग अपनाने की सलाह भी दी गई। डीएम ने स्पष्ट किया कि सरकारी वाहनों का उपयोग केवल कानून-व्यवस्था जैसी अत्यंत आवश्यक परिस्थितियों में ही किया जाए। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि छोटे-छोटे सामूहिक प्रयासों से बड़ी मात्रा में पेट्रोल और डीजल की बचत की जा सकती है। प्रशासन की इस पहल की जिले में सराहना की जा रही है


